अंबेडकरनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद दौरा आज, तैयारियां पूरी
कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री जनपद में लगभग तीन घंटे रहेंगे। जिसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता काफी उत्साहित है। विभिन्न विभागों के अधिकारी जहां तैयारी में जुटे हैं, वहीं अकबरपुर हवाई पट्टी से लेकर कलेक्ट्रेट और बसखारी मार्ग पर सर्किट हाउस तक के क्षेत्र को रंग रोगन कर साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा कटेहरी विधानसभा उपचुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री जहां कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। वहीं सर्किट हाउस में भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अकबरपुर हवाईपट्टी से लेकर कलेक्ट्रेट व बसखारी मार्ग पर सर्किट हाउस तक के क्षेत्र को नए सिरे से संवारा गया है। अकबरपुर हवाई पट्टी से पटेल नगर तक रोड पर बने अनावश्यक ब्रेकरों को हटा दिया गया है।
मुख्यमंत्री आज 11:30 बजे अयोध्या के रामकथा पार्क से हेलीकॉप्टर से अकबरपुर हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगे। अकबरपुर हवाई पट्टी से 12:05 पर मुख्यमंत्री सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वह पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। सर्किट हाउस में 1:00 बजे से 1:30 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री 1:40 पर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे, जहां पर वह अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। 2:45 पर मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट से अकबरपुर हवाई पट्टी के लिए प्रस्थान करेंगे। जिसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
