संभल : युवक की मौत मामले में पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, जानिए पूरा मामला
हाथ पर लिखे सुसाइड नोट में भी युवक ने आत्महत्या के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया था
संभल/धनारी/अमृत विचार। धनारी थाना क्षेत्र में युवक की मौत मामले में उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आत्महत्या करने से पहले हाथ पर लिखे सुसाइड नोट में भी युवक ने आत्महत्या करने के लिए जिम्मेदार अपनी पत्नी को ठहराया था।
थाना क्षेत्र के गांव वमनपुरी निवासी गंगाराम ने बुधवार को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कहा कि मंगलवार को किसी काम से बदायूं जा रहा था। गांव के ही लोगों ने देखकर बताया कि तुम्हारे भाई हेमंत की पत्नी चंद्रकली खेतों के रास्ते से होकर कहीं जा रही है। जिसकी सूचना गंगाराम ने पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने चंद्रकली को पकड़ लिया और घर लेकर आ गए।
देखा तो हेमंत के गले में रस्सी बंधी हुई थी और हेमंत मृत अवस्था में बेड पर पड़ा था। कहा कि चंद्रकली दो वर्ष से हेमंत को प्रताड़ित कर रही थी। जिसकी वजह से हेमंत ने रस्सी के फंदे पर लटककर जान दे दी। वहीं हाथ पर लिखे मिले सुसाइड नोट पर भी हेमंत ने आत्महत्या करने की वजह पत्नी चंद्रकली को बताया है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने हेमंत की पत्नी चंद्रकली निवासी गांव भानपुर जनपद बदायूं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें : संभल: फंदे पर लटका मिला युवक का शव; हाथ पर लिखा था- मौत की जिम्मेदार मेरी पत्नी, दो दिन से नहीं दिया मुझे खाना...
