कासगंज : ट्रक की टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त, 17 घंटे बिजली आपूर्ति को तरसे लोग
टक्कर मारने वाले अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गंजडुंडवारा/ कासगंज, अमृत विचार। कस्बे के कादरगंज रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने हाइटेंशन लाइन के विद्युत पोल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे आधा कस्बे की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 17 घंटे तक बिजली न मिलने से लोग गर्मी से परेशान रहे, पेयजल को भी तरसे।
बुधवार देर रात दस बजे कस्बे के कादरगंज रोड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे लगे हाइटेंशन लाइन के पोल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली पोल का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया व पोल आधा झुक गया। पोल पर लगे बिजली के तार भी मार्ग पर लटक गए। जिसके चलते मार्ग भी बाधित हो गया। वहीं टक्कर मार कर चालक ट्रक मौके पर छोड कर फरार हो गया। घटना की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई ।जिसके बाद लाइन से जुड़े सम्बंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को बंद कर दी गई। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते मुहल्ला धनपाल, घांसी, नगला भीकन, एटा रोड, कादरगंज रोड समेत 10 से अधिक वार्डों में जनजीवन प्रभावित रहा। लोग परेशान नजर आए। पेयजल को भी तरस गए।
17 घंटे बाद देर शाम तीन बजे नया पोल लगाए जाने के बाद आपूर्ति सुचारु हो सकी। जिससे आपूर्ति प्रभावित क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली विभाग के जेई पवन कसोधन ने बताया कि आपूर्ति बहाल कर दी गई है, अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
यह भी पढ़ें- कासगंज : जहां बनने थे महिलाओं के सेनेटरी पैड वहां तो डीपीआरओ ने बना लिया अवैध आवास
