प्रतापगढ़: तीन बार गैरहाजिर मिले शिक्षामित्र व अनुदेशक तो खत्म होगी संविदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालयों की स्थिति में सुधार करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी बीईओ को पत्र भेज कर विद्यालयों की नियमित चेकिंग कर बिंदुवार समीक्षा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बीईओ को निर्देश दिया है कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षामित्र व अनुदेशक लगातार तीन बार अनुपस्थित मिलता है तो इसकी संविदा समाप्त करने का प्रस्ताव तैयार कर भेजें।

बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने सभी बीईओ को भेजे गए पत्र में औचक निरीक्षण के दौरान स्कूलों की चेकिंग के लिए 10 बिंदु निर्धारित किया है। इसमें विद्यालय में नामांकित छात्रों की कुल संख्या के सापेक्ष 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है। बीएसए ने कहा है कि सभी बीईओ अपने क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का लगातार निरीक्षण करेंगे और कमी मिलने पर उसमें सुधार कराएंगे। मामले में बीएसए ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों की नियमित चेकिंग के माध्यम से विद्यालयों की गड़बड़ी जानने और उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

15 दिन के निरीक्षण में विद्यालय से गायब मिले 68 शिक्षक, मांगा स्पष्टीकरण
पखवारे भर चली चेकिंग में परिषदीय विद्यालय के 68 शिक्षक, शिक्षिका अनुपस्थित मिले। बीएसए ने अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस भेजकर एक सप्ताह में जवाब मांगा है।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों में अभियान के तहत 22 जुलाई से छह अगस्त तक चेकिंग कराई। इसके लिए उन्होंने सभी बीईओ और जिला समन्वयकों की ड्यूटी लगाई थी। चेकिंग के बाद बीईओ और जिला समन्वयकों की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट में 68 शिक्षक, शिक्षिकाओं को स्कूल से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित दर्शाया गया है। इसी रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने सम्बंधित शिक्षक, शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़: दो सगे भाइयों के शवों का अंतिम संस्कार से इनकार, जाम की सड़क 

संबंधित समाचार