प्रतापगढ़: गोली लगने से घायल ईंट भट्ठा संचालक की इलाज के दौरान मौत, लोगों में आक्रोश
प्रतापगढ़, अमृत विचार: जेठवारा थाना क्षेत्र के रामगंज गांव में रविवार रात ईंट भट्टे पर गोली से घायल संचालक की शुक्रवार सुबह प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के छठवें दिन तक गोली मारने वालों का कोई सुराग न लगने से परिजनों के साथ ही क्षेत्र के लोगों में खासा आक्रोश है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के पर्वतपुर धर्मपुर गांव निवासी 36 वर्षीय शिवेंद्र सिंह मोनू रविवार रात करीब एक किमी दूर रामगंज बाजार में अपने ईंट भट्टे पर अकेले बैठे थे। तभी उनके करीब पैदल ही पहुंचे युवक ने सिर में दो गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली मारते ही हमलावर भाग निकला।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। शिवेंद्र सिंह के परिजनों को घटना की जानकारी दी। घायल शिवेंद्र सिंह को प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज लाया गया। गंभीर हालत में यहां से एसआरएन मेडिकल कॉलेज प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
दूसरे दिन ऑपरेशन के बाद कान के पास लगी गोली निकाली गई, लेकिन सिर में लगी गोली का ऑपरेशन नहीं हो सका। इससे उनकी हालत बिगड़ती गई और शुक्रवार सुबह उनकी सांसे थम गईं। घटना के बाद घायल के भाई ने अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था, लेकिन छठवें दिन तक पुलिस आरोपी को चिन्हित नहीं कर सकी। प्रयागराज में उनकी मौत की जानकारी शुक्रवार सुबह घर पहुंची तो क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो गए। लोग अब तक पुलिस द्वारा आरोपी को चिन्हित न किए जाने पर आक्रोश नाराजगी व्यक्त करने लगे।
गोली से घायल ईंट भट्ठा संचालक की मौत की वजह प्रथम दृष्टया पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। मामले में हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा-संजय राय, एएसपी पश्चिमी प्रतापगढ़
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़: पुलिस कस्टडी से छूटकर कुएं में कूद गया गबन का आरोपी और फिर...
