Kanpur News: एक साल में तीन चालान तो पंजीयन रद, वाहन होगा कबाड़...शहर में 42 सीटर वाहन ही चलेंगे
चुनिंदा रूटों पर डबल डेकर बसें चलाने का भी लिया जा सकता है फैसला
कानपुर, अमृत विचार। मंडलायुक्त कार्यालय में संभागीय परिवहन प्राधिकरण की 27 अगस्त को होने वाली बैठक में शहर को जाम से निजात दिलाने पर मंथन करके कई अहम फैसले लिए जायेंगे। अधिकारी कुछ चुनिंदा रुटों पर डबल डेकर बसें चलाने पर भी विचार कर रहे हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी राकेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में तय होगा कि शहर में 42 सीटों वाले वाहन ही चलें ताकि जाम नहीं लगे। जिन वाहनों का एक साल में तीन चालान होगा, उनका परमिट, पंजीयन निरस्त कर दिया जायेगा। पंजीयन रद होते ही वाहन कबाड़ में तब्दील हो जायेगा। मार्ग पर नहीं चल सकेगा।
स्कूली बसों एवं स्कूली वाहनों को 5 चालान तक छूट दी गई है, उसके बाद उनका भी पंजीयन रद कर दिया जायेगा। जिनके परमिट नवीनीकरण 6 माह से नहीं हुये है, ऐसे वाहनों पर भी फैसला लिया जायेगा। इसके अतिरिक्त बारादेवी से जहानाबाद और जहानाबाद से हरिजनपुर तक मार्ग विस्तार पर भी विचार होगा।
टेंपो, आटो के रूट तय होंगे
शहर में अभी टेंपो, आटो के रूट तय नहीं हैं, इन्हें सिर्फ 40 किमी तक का परमिट दिया गया है लेकिन बैठक में इनके रूट तय होंगे और एक नंबर आवंटित होगा कि उन्हें किस रूट पर चलना है। शहर में अभी तकर 3804 टेंपो थे जिनके ज्यादातर परमिट आटो में तब्दील हो चुके हैं। इसी प्रकार ई रिक्शों के भी रूट तय होंगे ताकि शहर को जाम से बचाया जा सके।
