Kanpur: बारिश में बजबजाते कूड़े से नरक बना शहर, 1200 टन कूड़ा सड़कों पर आया, नालियों में कूड़ा बहने से हुआ जलभराव
कानपुर, अमृत विचार। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और बारिश की वजह से शहर नरक बन गया। शुक्रवार को 110 वार्डों में सफाई न होने और कूड़ा उठान प्रभावित होने से लगभग 1200 टन कूड़ा सड़क पर आ गया। घरों का कूड़ा सड़क और डंप कार्यालय पर फेंक दिया गया। एक दिन पहले का कूड़ा भी नहीं उठाया गया। दोपहर बाद शुरू हुई बारिश से कूड़ा नालियों में बहने लगा तो कई जगह ढेर सड़ांध मारने लगे।
स्वरूप नगर, आर्य नगर, सर्वोदय नगर, काकादेव, गोविंद नगर, किदवई नगर, साकेत नगर, बर्रा समेत सभी जोन में कूड़ा बजबजाता रहा। निराला नगर कूड़ा डंप पर दो दिन का कूड़ा एकत्र हो गया। जिससे सड़क मार्ग लगभग बंद हो गया। फजलगंज गड़रियनपुरवा डंप पर बड़ी मात्रा में कूड़ा सड़ता रहा। पनकी गंगागज में अड्डों पर कूड़ा एकत्र हो गया। गली मोहल्लों में भी घरों का कूड़ा सड़क पर आ गया। बजबजाते कूड़े की सड़ांध से राहगीरों का निकलना दूभर हो गया।
