अयोध्या: पर्यटन विकास...जारी हुई 45 लाख की तीसरी किस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या के रविदास मंदिर और बीकापुर के कवरजा धाम का कराया जा रहा सौंदर्यीकरण 

अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश शासन की ओर से जनपद के दो तीर्थस्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य को अंजाम तक पहुंचाने के लिए स्वीकृत बजट में से अवशेष 45 लाख रुपये की रकम पर्यटन विभाग को उपलब्ध कराई गई है। योजना के तहत अयोध्या के प्राचीन संत रविदास मंदिर और बीकापुर के माता कवरजा धाम का सौंदर्यीकरण और विकास कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था की ओर से दोनों परियोजनाओं पर काम कराया जा रहा है।  

गौरतलब है कि जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर निर्माण के बीच पर्यटन विभाग की ओर से रामनगरी के प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व के मठ-मंदिरों का पुरातन वास्तु शैली में जीर्णोद्धार और पुनरोद्धार कराया जा रहा है। साथ ही मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और आकर्षण के लिए तमाम प्रकार के विकास और निर्माण का कार्य चल रहा है। वहीं पर्यटन विभाग की ओर से जनपद के शहर से लेकर देहात तक पौराणिक व प्राचीन धर्मस्थलों आदि का भी विकास और सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है। 

जिसके तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में शासन ने जीएसटी के अतिरिक्त संत रविदास मंदिर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और सौंदर्यीकरण के लिए 97.98 लाख और माता कवरजा धाम के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए 94.57 लाख रूपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दी थी। साथ ही प्रत्येक के लिए पहली किश्त के रूप में पांच-पांच लाख रूपये अवमुक्त किए गए थे। दोनों योजनाओं को अमली जामा पहनाने का जिम्मा पर्यटन विभाग ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड को सौंपा था। 

वहीं वित्तीय वर्ष 2023-24 में 9 मई 2023 को संत रविदास मंदिर के लिए दूसरी किश्त के रूप में 63 लाख और माता कवरजा धाम के लिए 50 लाख रुपये आवंटित किया गया था। दोनों परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए अब शासन ने तीसरी किश्त के रूप में संत रविदास मंदिर के लिए 25 लाख और माता कवरजा धाम के लिए 20 लाख रुपये की राशि अवमुक्त किया है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव का कहना है कि दोनों परियोजनाओं पर निर्माण और विकास का कार्य चल रहा है। सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को पूरा कराने के लिए तीसरी किश्त के रूप में कुल 45 लाख मिले हैं। दोनों योजनाओं पर तेजी से कार्य कराया जा रहा है।   

वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत हुई थी परियोजना
रामनगरी के प्राचीन संत रविदास मंदिर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा सौंदर्यीकरण और बीकापुर विकास खंड क्षेत्र स्थित माता कवरजा धाम के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए पर्यटन विभाग की ओर से वर्ष 2023 में प्रस्ताव तथा विस्तृत कार्ययोजना तैयार कराई गई थी, जिसको स्वीकृति के लिए पर्यटन महानिदेशालय के माध्यम से शासन को भेजवाया गया था। प्रस्ताव पर शासन ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में 24 मार्च 2023 को संत रविदास मंदिर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा सौंदर्यीकरण के लिए जीएसटी के अतिरिक्त 97.98 लाख और माता कवरजा धाम के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए 94.57 लाख रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दी गई थी।

 ये भी पढ़ें- अयोध्या: इंचार्ज प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका को नोटिस जारी, कार्रवाई की लटकी तलवार...जानें मामला

संबंधित समाचार