बरेली कॉलेज : एमए में प्रवेश के लिए 20 फीसदी से भी कम आवेदन
स्नातक के परीक्षा परिणाम देरी आना प्रमुख वजह, तिथि बढ़ने की उम्मीद
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 16 अगस्त तक आवेदन होंगे। अब सिर्फ पांच दिन बचे हैं लेकिन एमए के पाठ्यक्रमों में सीटों के सापेक्ष 20 फीसदी से भी कम आवेदन आए हैं। इनमें एमए संस्कृत में एक, दर्शनशास्त्र में तीन और गणित में पांच और सांख्यिकी में एक भी आवेदन नहीं आया है, जबकि इनकी सीटें काफी अधिक हैं। प्रवेश के लिए कम आवेदनों की वजह स्नातक अंतिम वर्षों के परिणाम देरी से आना है। ऐसे में छात्र रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से पंजीकरण की तिथि बढ़ाने की उम्मीद कर रहे हैं।
कॉलेज में एमए की 1325 सीटों पर अब तक 242 आवेदन ही आए हैं। इनमें एमए हिंदी की 80 सीटों पर 20, अंग्रेजी की 160 सीटों पर 44,, संस्कृत की 80 सीटों पर एक, उर्दू की 80 सीटों पर 10, दर्शनशास्त्र की 80 सीटों पर तीन, इतिहास की 160 सीटों पर 44, अर्थशास्त्र की 240 सीटों पर 15, राजनीतिशास्त्र की 80 सीटों पर 32, समाजशास्त्र की 160 सीटों 24, ललित कला की 25 सीटों पर 14, गणित की 8 सीटों पर पांच, सैन्य अध्ययन की 20 सीटों पर तीन, सांख्यिकी की 20 सीटों पर शून्य और भूगोल की 60 सीटों पर 27 आवेदन आए हैं। इसके अलावा एमकॉम की 240 सीटों पर 114 आवेदन आए हैं। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि स्नातक के परिणाम देरी से आए हैं, इसकी वजह से कम आवेदन आए हैं। अभी पांच दिन शेष हैं।
एमएससी जंतु विज्ञान में चार गुना से अधिक आवेदन
एमएससी की 347 सीटों के सापेक्ष अब तक 330 आवेदन आए हैं, जिनमें वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान और रसायन विज्ञान में सीटों से काफी अधिक आवेदन आए हैं। ऐसे में मेरिट हाई रहने की उम्मीद है। एमएससी में भौतिक विज्ञान की 30 सीटों पर 38, रसायन विज्ञान की 50 सीटों पर 63, जंतु विज्ञान की 22 सीटों पर 93, वनस्पति विज्ञान की 20 सीटों पर 73, सांख्यिकी की 25 सीटों पर एक, सैन्य अध्ययन की 40 सीटों पर शून्य, गणित की 120 सीटों पर 59 और पर्यावरण विज्ञान की 40 सीटों पर पांच आवेदन आए हैं।
एलएलबी की 320 सीटों पर 554 आवेदन
इसके अलावा एलएलबी की 320 सीटों पर प्रवेश के लिए 554 आवेदन आए हैं। ऐसे में इसकी भी मेरिट हाई रहेगी। वहीं पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में कम आवेदन आए हैं। कंप्यूटर में सात, प्रोफेशनल बायोटेक्नोलॉजी में शून्य, माडर्न अरेबिक में आठ और जर्नलिज्म में तीन ही आवेदन आए हैं। इसके अलावा एमलिब में तीन और बीलिब में 13 आवेदन आए हैं।
