विदेश सचिव विक्रम मिस्री नेपाल के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से मिले, द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा
काठमांडू। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को अपने नेपाली समकक्ष सेवा लमसल और कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की तथा उनके साथ द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास और इसे आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। मिस्री की दो दिवसीय यात्रा पिछले महीने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन के बाद नेपाल में भारतीय विदेश सचिव की पहली यात्रा है।
Foreign Secretary @VikramMisri met his counterpart Ms. Sewa Lamsal @sewa_lamsal. They discussed the steady growth of 🇮🇳🇳🇵cooperation and ways to take it forward.@MEAIndia @MofaNepal#IndiaNepalFriendship pic.twitter.com/mf0L083rVe
— IndiaInNepal (@IndiaInNepal) August 12, 2024
नेपाल में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने अपने समकक्ष सेवा लमसल से मुलाकात की। दोनों ने भारत-नेपाल सहयोग के निरंतर विकास और इसे आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।’’ मिस्री ने सिंह दरबार में उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल से भी उनके कार्यालय में मुलाकात की। ‘द हिमालयन टाइम्स अखबार’ की खबर के अनुसार, ‘‘उन्होंने आर्थिक और विकास सहयोग,चल रही परियोजनाओं के निर्माण में तेजी लाने और दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।’’ ‘
द काठमांडू पोस्ट’ अखबार की खबर के अनुसार, मिस्री ने उप प्रधानमंत्री प्रकाश मान सिंह से मुलाकात की, जिनके पास शहरी विकास मंत्रालय भी है, और नेपाल-भारत सीमा पर सीमा पार आंदोलन से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान नेपाल के भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव भी मौजूद थे। सिंह के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने नगर विकास, नदी सफाई, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्रों में नेपाल और भारत के बीच संभावित सहयोग पर भी चर्चा की।
सूत्र ने सिंह के हवाले से कहा, ‘‘नेपाल और भारत न केवल अपने साझे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों से एक-दूसरे से जुड़े हैं, बल्कि 1950 में नेपाल में लोकतंत्र की स्थापना के बाद से वे राजनीतिक मोर्चों पर भी सहयोग कर रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, "नेपाल अपनी लोकतंत्रीकरण प्रक्रिया में आगे बढ़ने के लिए भारत के साथ अपने सहयोगात्मक प्रयासों को और तेज करना चाहता है।" सिंह ने लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए नेपाल-भारत सीमा क्षेत्रों में झूला पुलों के निर्माण के लिए भी भारत से अनुमति मांगी।
उन्होंने नेपाल में बुनियादी ढांचे के विकास, भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और कोविड-19 से निपटने में सहायता के लिए भारत को धन्यवाद दिया। मिस्री ने नेपाल की शांति, स्थिरता और समृद्धि को निरंतर समर्थन देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की। मिस्री ने अपने उच्चस्तरीय संपर्कों को जारी रखते हुए विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नेपाल की माननीय विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा से मुलाकात की। आपसी हित के द्विपक्षीय मामलों और सभी क्षेत्रों में भारत-नेपाल द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’ विदेश मंत्री के प्रेस सलाहकार येकराज पाठक ने कहा, ‘‘इस अवसर पर मंत्री राणा ने हवाई संपर्क का मुद्दा उठाया और भारत सरकार से नेपाल के लिए अतिरिक्त हवाई मार्ग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।’’
प्रेस सलाहकार ने बताया कि मंत्री ने विभिन्न सीमा चौकियों के माध्यम से भारत से आयातित सब्जियों और फलों की गुणवत्ता की जांच के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रयोगशालाओं की स्थापना से जुड़े मुद्दे को भी उठाया। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक उन्होंने भारत सरकार से पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना के बचे कार्यों को पूरा करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने टनकपुर बांध और बड़गंगा से संबंधित मामलों के साथ-साथ राप्ती नदी में बाढ़ को नियंत्रित करने और इससे जुड़े जोखिमों को कम करने के लिए भारतीय सहायता पर भी चर्चा की।
सूत्रों के मुताबिक राणा ने भारत के साथ व्यापार और पारगमन से संबंधित वार्ता को जारी रखने का मुद्दा भी उठाया। मिस्री ने रविवार को प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली समेत नेपाल के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी और यहां नयी सरकार के गठन के बाद से हिमालयी राष्ट्र के साथ विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
उन्होंने नेपाल के शहरी विकास मंत्रालय के सचिव मणिराम गेलल के साथ मिलकर काठमांडू में भारत के भूकंप पश्चात पुनर्निर्माण अनुदान के तहत निर्मित नेपाल भाषा परिषद के नए भवन का उद्घाटन भी किया। मिस्री उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री रमेश लेखक से भी मुलाकात करेंगे। नेपाल की यात्रा समाप्त करने से पहले वह लमसल द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें : ऑस्ट्रेलिया में हेलीकॉप्टर होटल की छत पर गिरा, पायलट ने जान देकर बचाई 400 जिंदगियां...देखें VIDEO
