मुरादाबाद : कुंदरकी पुलिस ने किया चोर गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार...सामान भी बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। कुंदरकी थाना पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर चोर गिरोह का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी का माल, नकदी और चाकू बरामद हुआ है। एसपी देहात ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों ने चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एसपी देहात संदीप कुमार मीणा और सीओ बिलारी राजेश कुमार तिवारी ने गिरोह का खुलासा किया। एसपी देहात ने बताया कि एसएचओ कुंदरकी राजीव कुमार शर्मा, एसआई शेरपाल सिंह व मदन कुमार की टीम ने चेकिंग के दौरान भीकनपुर कुलवाड़ा निवासी पंकज, नबिया उर्फ कालिया और फिरोज उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो चाकू, मोबाइल फोन, तीन जोड़ी पायजेब, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य गहने और 14 हजार 690 रुपये की नकदी बरामद की है।

उन्होंने कहा कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों एक ही गांव के रहने वाले है और आपस में दोस्त हैं। जल्द और आसानी से पैसा कमाने के लिए मिलकर चोरी करने लगे। आरोपियों ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व कुंदरकी के गांव अहमद नगर जैतवाड़ा और ढाई माह पूर्व मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा में चोरी की थी। 

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि 10 अगस्त की रात कुंदरकी के गांव पंडिया में रफत अली के घर कूमल लगाकर चोरी की थी। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी अपने साथ चाकू भी रखते हैं, जिससे पकड़े जाने पर हमला करके खुद को बचा सकें। आरोपियों में से पंकज रेकी कर गांवों में ऐसे घर चिह्नित करता है, जिसमें आसानी से कूमल लगाया जा सके। बाद में आरोपी नबिया उर्फ कालिया और फिरोज उर्फ भोला वहां जाकर चोरी करते हैं। जो भी नकदी मिलती है, उसे मौके पर ही बांट लेते हैं। जबकि गहनों को बेच कर जो भी पैसा मिलता है, उसे आपस में बांटते हैं।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अहमदनगर जैतवाड़ा और जटपुरा में चोरी के दौरान जो गहने मिले थे उसे बेच कर पैसे बांट लिए थे। जो गहने बरामद हुए वह पंडिया गांव से चोरी किए गए थे। जबकि बरामद हुए 14 हजार 690 रुपयों में से आठ हजार 500 रुपये मैनाठेर के जटपुरा से चोरी किए गए गहने बेचने में से जो बचा था वह हैं। एसपी देहात ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट को में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इनके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था में होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, एसटीएफ चौकन्ना

संबंधित समाचार