लखीमपुर खीरी: विदेश भेजने का झांसा देकर ठगे 10 लाख, रुपये मांगने पर धमकाया
तिकुनियां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। विदेश भेजने के नाम पर कोतवाली तिकुनियां के गांव रायपुर कोल्हौरी निवासी विक्रमजीत सिंह से पांच लोगों ने मिलकर 10 लाख रुपये ठग लिए। सभी आरोपी उसके रिश्तेदार भी हैं, और शाहजहांपुर के थाना खुटार क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव रायपुर कोल्हौरी निवासी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि शाहजहांपुर जिले के थाना खुटार के गांव महमद सहजनिया निवासी हरपाल सिंह, जुगराज सिंह, गुरुजिन्दर सिंह, गुरुमेज सिंह व हरजिन्दर सिंह उसके करीबी रिश्तेदार हैं जिनमें हरपाल सिंह इटली में रहकर काम करता है। आरोपियों ने जुलाई 2023 में ठगी करने के मकसद से विदेश भेजने व काम दिलाने के नाम पर कई बार में अपने संबंधियों के अलग-अलग खातों पर आनलाइन 7,90,999 रूपये ट्रांसफर करवा लिए। 2.10,000/- रूपये एक बार में जुगराज सिंह ने नकद लिया। तीन माह के अंदर वीजा व पासपोर्ट आदि देने का आश्वासन दिया, लेकिन आरोपियों ने बताए गए समय तक विदेश जाने के कोई प्रपत्र उपलब्ध नहीं कराए। इस पर उन्होंने आरोपियों से जब कागज मांगे तो गाली गलौज की। कहने लगे कि तुमको जो कुछ करना है करो। न ही हम रुपये वापस करेंगे और न ही विदेश भिजवा पायेंगे। धमकी दी कि यदि कहीं कोई कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली तिकुनियां पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
