Kanpur Accident: ट्रक ने ई रिक्शा में मारी टक्कर...एक की मौत व दो गंभीर घायल, परिजनों में मची चीख-पुकार
कानपुर में सड़क हादसे में एक की मौत
कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत यादव ढाबा धरमपुर बंबा के पास एक ट्रक ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। ई रिक्शा में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दो घायलों को सीएचसी पतारा ले जाया गया। जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक व चालक को कब्जे में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पतारा चौकी के अंतर्गत धरमपुर बंबा के यादव ढाबा के पास ई रिक्शा में सवारी भरकर घाटमपुर जा रहे प्रांशु सिंह पुत्र रविंद्र सिंह ग्राम अमौली अपने गांव वापस जा रहा था। हमीरपुर घाटमपुर की तरफ से कानपुर की ओर जा रहा ट्रक के चालक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। जिससे ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार प्रांशु की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि नरेंद्र सिंह पुत्र धनीराम ग्राम कुमहडिया व सूरज पुत्र राकेश सिंह निवासी अमौली बुरी तरह घायल हो गया। जिसे सीएचसी पतारा लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक व ट्रक चालक को शभुआ के पास में पकड़ लिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
