मथुरा: राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा। मथुरा जिले की पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने तिरंगे झंडे को बिछाकर जुआ खेलने का वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की। 

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ अरविंद कुमार ने बताया कि जमुनापार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर पुलिस चौकी प्रभारी ने एक वीडियो में तिरंगे का अपमान करते दिख रहे चार लोगों के विरुद्ध ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971’ की धारा दो में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 

उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में यह दिख रहा है कि चार लोग एक तिरंगे को जमीन पर बिछाकर उस पर जुआ खेल रहे हैं और वे लोग उस समय जूते-चप्पल भी पहने हुए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब लक्ष्मी नगर पुलिस चौकी प्रभारी राजपाल सिंह को इस वीडियो की जानकारी हुई, तब उन्होंने वीडियो क्लिप में दिख रहे लोगों की पहचान कराई। 

कुमार के अनुसार, आरोपियों की पहचान जमुनापार थाना क्षेत्र के मुनेश मास्टर, जयचंद और पिंटू के रूप में हुई है, जबकि चौथे आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। एएसपी ने कहा कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

यह भी पढ़ेः 116 देश मंकी पॉक्स की रडार पर, भारत में भी बढ़ सकता है इसका खतरा... WHO ने जारी की चेतावनी

संबंधित समाचार