कासगंज : महिला का अपहरण कर ले गए कार सवार दबंग, पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद
पुलिस ने नहीं सुनी पीड़ित की फरियाद, न्यायायल से लगाई गुहार
कासगंज, अमृत विचार। पति संग दवा लेने आई महिला को कार सवार लोग अपह्रत कर ले गए। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस और उच्च अधिकारियों के यहां गुहार लगाई। न्याय न मिलने पर पति न्यायालय पहुंचा। मामले में न्यायालय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर विवेचना के आदेश पुलिस को दिए हैं।
जिला अलीगढ के थाना गंगीरी में स्थित ग्राम नौगंवा निवासी राजेश 8 जनवरी को अपनी पत्नी सान्या को दवा दिलाने कासगंज नदरई गेट चौराहे पर स्थित एक अस्पताल में आया था। वह पत्नी को अस्पताल के सामने सड़क किनारे खड़ा छोड़कर अस्पताल के अंदर गया था। आरोप है कि तभी सुबह करीब 11:30 बजे सफेद रंग की एक टियागो कार में सवार होकर आए चार-पांच लोग पत्नी सान्या को असलाहों के बल पर डरा धमका कर कार में डाल कर ले गए। राजेश कुमार ने घटना को किशनवीर सिंह व उसके साथियों द्वारा अंजाम देने का आरोप लगाया है । मामले की प्राथमिकी पुलिस द्वारा दर्ज न किए जाने पर पीड़ित राजेश कुमार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय ने मामले में कासगंज कोतवाली पुलिस से आख्या तलब की। पुलिस ने अपनी आख्या में थाने पर गुमशुदगी दर्ज होना बताया, लेकिन पुलिस द्वारा प्रकरण में कोई प्रगति आख्या नहीं दी गई । न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना के आदेश सदर कोतवाली पुलिस को दिए हैं।
