Kanpur Dehat: प्रेमी का फंदे पर लटका मिला शव...प्रेमिका ने जहरीला पदार्थ निगला, हालत गंभीर, प्राइवेट अस्पताल में चल रहा इलाज
प्रेमिका के घर फंदे पर लटका मिला युवक का शव
कानपुर देहात, अमृत विचार। प्रेमिका के घर में युवक का शव संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल की। वहीं जहरीला पदार्थ पीने से गंभीर प्रेमिका को सीएचसी भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए हैं।
अमराहट थाना क्षेत्र के करियापुर गांव में दूर के मौसेरे भाई देवेंद्र की पत्नी सीमा (29) से भीम सिंह (33) का प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों करीब डेढ़ माह पहले दिल्ली चले गए थे। किसी तरह दोनों परिवारों ने सुलह समझौता कर मामला शांत करा दिया गया था। इधर भीम सिंह की पत्नी नेहा बीते शुक्रवार को अपने पिता के साथ मायके चली गई। उनकी करीब चार माह पहले शादी हुई थी।
शनिवार की सुबह गांव में देवेंद्र के घर में भीम सिंह फंदे पर लटका मिला। जानकारी पर लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं सीमा द्वारा जहरीला पदार्थ पीने से उसकी भी हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने सीमा को एंबुलेंस से उपचार के लिए भेजा। वहीं जांच पड़ताल व साक्ष्य एकत्रित करने के बाद भीम सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि भीम सिंह व सीमा के बीच अर्से से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर मृतक के भाई अलधर सिंह का कहना है कि उनके भाई की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया गया। जबकि सीमा के ससुर जयराम सिंह ने बताया मृतक के परिवारीजनों ने हत्या कर बहू के घर शव लटकाया है। थानाध्यक्ष भागमल ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- कानपुर में छेड़छाड़ से आहत युवती ने निगला जहरीला पदार्थ: आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की दी धमकी
