प्रयागराज: ससुराल पहुंचा पति, बंदूक की नोक पर पत्नी को घसीटते हुए ले गया घर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

युवक राइफल लेकर अपने ससुराल पहुंच गय

प्रयागराज, अमृत विचार। प्रयागराज में एक दबंग राइफल लेकर अपने ससुराल पहुंच गया। वहां पहुंचते ही हाई वोल्टेज ड्रामा करते हुए पहले हंगामा किया और फिर बंदूक की नोक पर पत्नी को बीच गांव में घसीटते हुए अपने घर ले गया। ग्रामीणों ने बीच बचाव का प्रयास किया तो दबंग युवक ने लोगों से मारपीट करना शरू कर दिया। गांव में सभी के सामने युवक ने पत्नी की जमकर पिटाई की। मामले में पीड़िता के भाई ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि मेरी बहन और भांजे को बचा लीजिए उनकी जान को खतरा है। उसका बहनोई उसकी बहन को मार डालेगा। पूरा मामला हंडिया थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के मुताबिक हंडिया बरौत निवासी सुनील ने बताया कि उसने अपनी बहन की शादी भदोही के औराई थाना क्षेत्र के गांव महराजगंज कंसापुर निवासी मुकेश कुमार सोनी से 2020 में कराई थी। ये उसकी दूसरी शादी है। मेरी बहन के पहले पति कमलेश कुमार की सड़क दुर्घटना मे मौत हो गई थी। जिसके बाद  दूसरी शादी कराई गई थी। आरोप है कि सोनी का पति मुकेश और ससुराल वाले उसे हर रोज पीटते थे। उसे रोज प्रताड़ित करते थे। ससुराल वाले 5 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। 15 अगस्त को मेरी बहन सोनी को उसके पति ने खूब पीटा। ससुराल वाले उसे तरह-तरह की गाली देने लगे। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया। 15 अगस्त को मेरी बहन मायके वापस आ गई थी। इसके बाद हम लोगों ने उसे ससुराल जाने से मना कर दिया था। 

16 अगस्त को मेरे बहनोई ने फोन कर घरवालों को धमकी दी। तीन गाड़ियों से पहुंचे बहनोई 15 साथियों के साथ गांव पहुंचा। इनके पास चाकू, डंडे और राइफल थी। इन्होंने परिवार वालों को जमकर पीटा। राइफल से गोली मारने की धमकी देकर बहन को बाल पकड़ कर खींचता हुआ ले गया। मुकेश के साथियों ने कई लोगों को चाकू से मारकर जख्मी कर दिया। इसके बाद सोनी को जबरन कार में बैठाकर ले गए। मामले में भाई सुनील ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा कि मेरा बहनोई मेरी बहन और ढाई साल के भांजे अभिनंदन को ले गया है। वो बहुत दबंग है। मेरी बहन और भांजे को मार सकते हैं। उनकी जान को खतरा है। उन्हें बचा लीजिए।

मामले में हंडिया थाना प्रभारी बृज किशोर गौतम का कहना है कि महिला के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जो वीडियो सामने आई है, उसके आधार पर दबंगई करने वालों की पहचान की जा रही है। एक टीम को भदोही भेजा गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।

ये भी पढ़ें- प्रयागराज: ब्रह्माकुमारी बहनों ने जेल कर्मचारियों व तमाम कैदियों को बांधी राखी

संबंधित समाचार