बरेली : अवैध प्रेम संबंधों में हत्या, आंखों में मिर्च डालकर चचेरे भाइयों ने चाकू से गोदा
मीरगंज के गांव रईया नगला में पिता की आंखों के सामने वारदात, चार के खिलाफ रिपोर्ट
मीरगंज/बरेली, अमृत विचार। मीरगंज के गांव रईया नगला में शनिवार रात 23 वर्षीय मोइन की उसके चचेरे भाइयों ने आंखों में मिर्च पाउडर झोंकने के बाद चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पिता आबिद अली के मुताबिक हत्यारोपियों के परिवार की एक लड़की से मोइन के प्रेम संबंध थे, जिस पर वे भड़के हुए थे। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित की हैं।
आबिद अली ने बताया कि कुछ समय पहले मोइन आरोपियों की बहन से फोन पर बात करता था। इस वजह से वे उससे रंजिश मानते थे। शनिवार सुबह मोइन का भैंस बांधने पर भी इन लोगों से विवाद हुआ था। इस पर आरोपियों ने मोइन को जान से मार देने की धमकी दी थी। शनिवार रात 9 बजे मोइन खाना खाकर उनके साथ टहलने निकला था। लौटते समय नत्थू शाह के घर के पास घात लगाए बैठे चारों लोगों ने उन दोनों को घेर लिया। मोइन ने भागने की कोशिश की तो उसकी आंखों में मिर्च का पाउडर डाल दिया। उसके जमीन पर गिरने के बाद चाकू से उसके सिर, गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
उन्होंने शोर मचाया तो लोगों ने इकट्ठा होना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। वह परिजनों के साथ मोइन को एक निजी अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आबिद ने बताया उनके मोइन समेत चार बेटे और दो बेटियां थीं। एक बेटे की दो साल पहले कोरोना से मौत हो गई है। वह खेती किसानी करते हैं। मोइन दिल्ली में रहकर चप्पल बनाने का काम करता था। कुछ दिन पहले ही घर आया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मोइन की 13 अक्टूबर को होनी थी शादी
बताया जा रहा है कि मोइन के जिस लड़की से प्रेम संबंध थे, उसके भाई ने मोइन से उससे निकाह करने की बात कही थी लेकिन उसने साफ इन्कार कर दिया था। इसी वजह से रंजिश शुरू हो गई थी। कुछ समय पहले मोइन का रिश्ता फरीदपुर के गांव बेहरा में तय हो गया। मोइन की ननिहाल भी बेहरा में है। शादी की तारीख 13 अक्टूबर पक्की होने के बाद घर में तैयारियां शुरू हो गई थीं। मोइन की हत्या की खबर पर उसके ससुराल पक्ष के लोग भी पाेस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे थे।
युवक की आंख में लाल मिर्च का पाउडर डालकर चाकू से हत्या की गई है। चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं। -मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी
