प्रतापगढ़: छात्रों व मानदेय कर्मियों के नाम कर दिया भुगतान, टीम ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज ब्लॉक के कोटवा शुकुलपुर में प्रधान पर मनरेगा के धन के गबन का आरोप

लालगंज/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। मनरेगा में सरकारी धन गबन एवं मजदूरों के नाम पर फर्जी ढंग से पैसा निकालने के मामले में ग्राम पंचायत कोटवा शुकुलपुर का नाम सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है।

लालगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत कोटवा शुकुलपुर में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान देवनाथ पांडेय पर आरोप लगाते हुए डीएम संजीव रंजन,सीडीओ नवनीत सेहारा और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र दिया। आरोप कि ग्राम प्रधान ने मनरेगा के कार्यों में गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री, स्कूली छात्र-छात्राओं के नाम मास्टर रोल में फर्जी तरीके से चढ़ाकर उनके नाम पर उन्ही के खाते में पैसा भेजकर सरकारी धन का दुरूपयोग किया गया है। 

आरोप है कि अधिकतर लाभार्थी जिले से बाहर अन्य स्थानों पर रहकर पठन- पाठन या अपनी रोजी रोटी में व्यस्त हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर डीसी मनरेगा प्रतापगढ़,बीडीओ लालगंज के साथ पहुंची टीम ने ग्रामीणों की शिकायत की जांच की। गांव में मनरेगा के तहत कराए गए गोशाला में बंधा निर्माण,अन्य कार्य की जांच मौके पर की। इस बाबत प्रभारी खंड विकास अधिकारी देवेन्द्र वर्मन ने बताया कि  मौके पर पहुंचकर शिकायत कर्ताओं का बयान दर्ज किया गया है,आरोपों की छानबीन की जा रही है। लाभार्थियों से शपथ पत्र के साथ स्पष्टीकरण लेने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- UP सिपाही भर्ती परीक्षा : डाटा मिस मैच होने पर अभ्यर्थी के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर

संबंधित समाचार