अयोध्या : सपा को नहीं भा रही नव्य अयोध्या, सोशल मीडिया पर करा रहे दुष्प्रचार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुमारगंज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सपा को लिया आड़े हाथों, बोले - दुष्कर्म करने वालों को देती हैं संरक्षण 

अयोध्या, अमृत विचार : आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौ‌द्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। करीब तीस मिनट के सम्बोधन में आठ मिनट तक उन्होनें विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया को घेरा। उन्होंने यहां तक कह दिया है समाजवादी पार्टी को नव्य अयोध्या नहीं भा रही है और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार और फेंक न्यूज प्रायोजित कर रही है। 

मुख्यमंत्री ने कोलकाता, अयोध्या और कन्नौज में बेटियों के साथ हुई हैवानियत का समर्थन करने वाले समाजवादी पार्टी के नेताओं पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि हर दुष्कर्मी और अपराधी को निर्दोष साबित करना समाजवादी पार्टी का लक्ष्य है। ऐसे लोगों के चरित्र और संस्कारों को छुड़ाने के लिए कानून भी है और कानून का डंडा भी। उन्होंने कहा कि जिन्हें अयोध्या का विकास अच्छा नहीं लगता वो सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर अयोध्या की जनता को ही कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। ऐसे लोगों और उनके आकाओं पर शिकंजा कसा जायेगा। उन्होंने कहा कि धर्मपथ और रामपथ पर स्ट्रीट लाइट चोरी के मामले में भी इन्हीं सपाईयों का खेल है। चुनाव के कारण वेंडर ने पूरी लाइट लगाई नहीं और बाद में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। अब वेंडर और उसके आका निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि तीन व्यापारियों को 13 हजार एकड़ भूमि दिए जाने की भी फेक न्यूज फैलाई गई। अयोध्या में कोई लैंड दी ही नहीं गई। मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि  दुष्कर्मियों का समर्थन करने वालों को तनिक भी शर्म नहीं है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी जी बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ के साथ आगे बढ़ रहे हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की संसद में और प्रदेश की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित कर रहे हैं तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के नेता कोलकाता में एक डॉक्टर के साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम देने वाले दुष्कर्मियों का समर्थन कर रहे हैं। संस्कार कभी समाप्त नहीं होते। ये वही लोग हैं जो कहते थे कि लड़के हैं गलती कर देते हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने इसी अयोध्या में एक गरीब अति पिछड़ी जाति की बालिका के साथ हुए रेप की घटना पर बड़ी बेशर्मी के साथ उन अपराधियों को बचाने का काम किया था। इनके एक नेता कन्नौज में भी ऐसे ही मामले में पकड़े गए। उन्होंने कहा कि लखनऊ में भी एक बेटी को बारिश के पानी में गिराने वाले अपराधियों के समर्थन में सपा के मुखिया खड़े हो गए। ऐसा लगता है कि इनकी पार्टी का चरित्र ही ऐसा हो गया है। इनकी ये आदत छुड़ाने के लिए कानून भी है और कानून का डंडा भी है। 

युवाओं के साथ कोई अन्याय नहीं कर पाएगा 

2017 से पहले नौकरियों में भ्रष्टाचार का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विपक्षी दलों की सत्ता थी तब ये युवाओं के हकों में भी ऐसे ही डकैती डालते थे। याद करिये तब हर नियुक्तियां विवादित होती थी, युवाओं के साथ अन्याय होता था, बिना पैसे कोई नियुक्ति नहीं हो सकती थी, नौकरी में भी भेदभाव होता था, कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ता था। आज हम कह सकते हैं कि साढ़े 6 लाख नौजवानों को नौकरी दी और इसकी शुचिता पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। 

अयोध्या को बदनाम करने वाले वही लोग हैं जिन्होंने अयोध्या को लहुलुहान किया था

अयोध्या को बदनाम करने की साजिश पर सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या बदल रही है। हमारा अयोध्या धाम जो पिछली सरकारों के कृत्यों के कारण अभिशप्त सा हो गया था, आज वही विकास का एक मॉडल प्रस्तुत कर रहा है। पहले कितनी संकरी गलियां होती थीं, आज यह फोर लेन से जुड़ गया है। यहां के मार्ग, एयरपोर्ट दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं। जिन लोगों को अयोध्या का ये विकास अच्छा नहीं लगता, उन्होंने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करना शुरू कर दिया है। ऐसे लोगों की बुद्धि और विवेक पर ही संदेह होता है। ये लोग फेक न्यूज फैलाकर अयोध्या की जनता को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास करते हैं। अयोध्या को बदनाम करने वाले वही लोग हैं जिन्होंने अयोध्या को लहुलुहान किया था।

यह भी पढ़ें- लखनऊ : गुप्तरोग का इलाज कराने का दबाव बनाने पर पत्नी को घर से निकाला

संबंधित समाचार