बरेली: सार्वजनिक स्थानों पर चार्ज न करें मोबाइल, चोरी हो सकता है डाटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आप किसी सफर पर निकले हैं और आपके मोबाइल की बैट्री अचानक डाउन हो जाए, इस पर आप रेलवे स्टेशन या बस अड्डे पर लगे चार्जिंग प्वाइंट पर मोबाइल चार्ज करते हैं तो अलर्ट हो जाएं। जी हां, सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्ज करना महंगा पड़ सकता है। साइबर अपराधी आपका मोबाइल …

बरेली, अमृत विचार। आप किसी सफर पर निकले हैं और आपके मोबाइल की बैट्री अचानक डाउन हो जाए, इस पर आप रेलवे स्टेशन या बस अड्डे पर लगे चार्जिंग प्वाइंट पर मोबाइल चार्ज करते हैं तो अलर्ट हो जाएं। जी हां, सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्ज करना महंगा पड़ सकता है। साइबर अपराधी आपका मोबाइल डाटा चोरी कर सकते हैं। मोबाइल डाटा चोरी करने के बाद वह आपके बैंक अकाउंट भी खाली कर सकते हैं। साइबर क्राइम ऑफ इंडिया पोर्टल के टि्वटर हैंडल साइबर दोस्त के जरिए इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके इजाद करते रहते हैं। बरेली में भी आए दिन लोग साइबर ठगों का शिकार हो रहे हैं। साइबर ठगों के जाल में पढ़े-लिखे लोग भी फंस जाते हैं। अब साइबर ठगों ने चार्जिंग प्वाइंट के जरिए मोबाइल डाटा चोरी कर ठगी का नया तरीका इजाद किया है। इस तरह के मामले सामने आने के बाद साइबर दोस्त की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत लोगों को सार्वजनिक स्थान पर मोबाइल चार्जिंग स्टेशन, यूएसबी पावर स्टेशन व अन्य जगहों पर फोन चार्जिंग से बचने की सलाह दी है।

साइबर अपराधी चार्जिंग प्वाइंट के जरिए मोबाइल फोन में मालवेयर भेजकर फोन हैक कर लेते हैं और उसके बाद वह फोन का डाटा चोरी कर लेते हैं। साइबर अपराधी ऐसे स्थानों को चुनते हैं, जहां लोग ज्यादा पहुंचते हैं और इमरजेंसी में अपना फोन चार्ज करते हैं। ऐसे में यात्रा पर जाने वाले लोगों को अपना मोबाइल चार्जर खुद रखना चाहिए, ताकि उनका फोन हैक न हो सके।

हो सके तो यात्रा पर निकलने से पहले फोन को पहले से पूरा चार्ज कर लें और इसके अलावा बैट्री बैकअप भी साथ रख सकते हैं। यात्रा के दौरान फोन डिस्चार्ज न हो, इसके लिए फोन को पावर सेविंग मोड पर रखें और इंटरनेट का जरूरत पड़ने पर ही इस्तेमाल करें ताकि इमरजेंसी में फोन कर सकें।

“सार्वजनिक स्थान पर चार्जिंग प्वाइंट पर फोन चार्ज करते वक्त सावधानी बरतें। जिन प्वाइंट्स पर अलग से चार्जर नहीं लगता है उनमें साइबर अपराधी मालवेयर डालकर फोन का डाटा चोरी कर सकते हैं।” -सुशील कुमार सिंह, एसपी क्राइम

संबंधित समाचार