बरेली : दिनदहाड़े रामेश्वरधाम कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी
80 हजार नकदी और पांच लाख से अधिक कीमत के जेवर ले गए चोर
बरेली, अमृत विचार। कैंट थाना क्षेत्र की रामेश्वरधाम कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी समेत लाखों का जेवर समेट ले गए। दिनदहाड़े चोरी से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। सीओ प्रथम पंकज कुमार, इंस्पेक्टर कैंट और फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।
रामेश्वरधाम कॉलोनी निवासी एवं अमृत विचार के वरिष्ठ पत्रकार अनूप शर्मा सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे पत्नी और बेटी संग बहन के यहां राखी बंधवाने के लिए महानगर कॉलोनी गए थे। वहां से वह शाम करीब 5.15 बजे अमृत विचार कार्यालय आ गए। उन्होंने यहां से पत्नी और बेटी को ऑटो से घर भेज दिया। कुछ देर बाद उनकी पत्नी मकान पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। कमरे में पहुंचीं तो अलमारी खुली और सामान अस्त-व्यस्त देख उनके होश उड़ गए। चोर घर में रखी 80 हजार रुपये की नकदी और करीब पांच लाख रुपये के साेना-चांदी के जेवर चुरा ले गए। सूचना मिलने पर अनूप शर्मा घर पहुंचे और कैंट पुलिस को जानकारी दी।सीओ प्रथम पंकज कुमार और इंस्पेक्टर कैंट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों की फटकार के बाद पहुंचे इंस्पेक्टर कैंट
घटना की इंस्पेक्टर कैंट को फोन पर सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने थाने में तैनात दरोगा को भेज दिया। अकेला दरोगा देखकर कॉलोनी के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। सीओ प्रथम ने इंस्पेक्टर को फोन पर घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। सीओ के कहने के बाद इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। कुछ देर बाद सीओ प्रथम पंकज कुमार पहुंचे।
आधा घंटे में चोरों ने की चोरी
पुलिस के अनुसार घटना में कोई ऐसा व्यक्ति शामिल है, जिसे मालूम होगा कि अनूप शर्मा परिवार सहित बाहर गए हैं और घर में ताला पड़ा है। ताला तोड़कर चोर उसी कमरे में दाखिल हुए, जिसमें उनका जेवर, नकदी और पिस्तौल रखी थी। चोरों ने जेवर और नकदी ले ली, लेकिन पिस्तौल छोड़ गए। काॅलोनी के लोगों ने बताया कि इससे पहले भी जून में कॉलोनी में ही एक व्यक्ति के घर में चोरी हो चुकी है। रिपोर्ट दर्ज होने के चार माह बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
पुलिस चोरों की तलाश करने लिए जुट गई है। आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस चोरों का जल्द पता लगाएगी, इसके लिए इंस्पेक्टर कैंट को दिशा निर्देश दिए गए हैं। -पंकज कुमार, सीओ प्रथम
