रायबरेली: मृत दलित युवक अर्जुन पासी के परिजनों से मिले राहुल गांधी, कहा- न्याय मिलने तक संघर्ष करेंगे हम
रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के नसीराबाद में हाल में कथित रूप से मार दिये गये एक दलित युवक के परिवार से मिले और कहा कि जब तक इस परिवार को न्याय नहीं मिलेगा तब तक ‘हम पीछे नहीं हटने वाले हैं।’
राहुल गांधी ने दलित युवक के परिवार से मिलने के बाद पत्रकारों से कहा, "यहां पर जो सभी लोग हैं वे न्याय मांग रहे हैं क्योंकि एक दलित युवा को जान से मारा गया है। पूरे परिवार को धमकाया गया है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि यहां के पुलिस अधीक्षक ‘मास्टरमाइंड’ पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं बल्कि छोटे-छोटे लोगों को पकड़ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में हर वर्ग का आदर हो और सबको न्याय मिले... जब तक इस परिवार को न्याय नहीं मिलेगा तब तक हम पीछे नहीं हटने वाले हैं।" इससे पहले कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई अध्यक्ष अजय राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि गांधी दोपहर करीब एक बजे अमेठी जिले के फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरे और वहां से रायबरेली के नसीराबाद के लिए रवाना हुए, जहां हाल में एक दलित युवक की कथित रूप से हत्या कर दी गई थी। गांधी के साथ अजय राय और कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे। सलोन इलाके के नसीराबाद थाना क्षेत्र के भुवालपुर सिसनी गांव में 11 अगस्त को कुछ स्थानीय लोगों के साथ विवाद के बाद अनुज पासी (22) नामक एक दलित युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के अनुसार इस सिलसिले में अब तक कम से कम छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
राहुल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल
— Amrit Vichar (@AmritVichar) August 20, 2024
दलित युवक हत्या मास्टरमाइंड को नहीं गिरफ्तार कर साथी पुलिस
दलित युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले प्रदेश की कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा@RahulGandhi #RahulGandhi #RaeBareilly #UttarPradesh #Video pic.twitter.com/Sy6lqUkifG
नसीराबाद थाना क्षेत्र के पिछवरिया गांव में बीते 11 अगस्त को 21 वर्षीय युवक अर्जुन पासी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें मृतक की मां की तहरीर पर सात नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने 13 अगस्त को ही 06 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले को लेकर लगातार कई संगठन और राजनीतिक दल प्रदर्शन कर रहे हैं और पीड़ित परिवार के गांव पहुंचकर उनकी हर सम्भव सहायता करने का आश्वासन दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-कोलकाता रेप-हत्या कांड: सुप्रीम कोर्ट ने अपनाया कड़ा रुख, कहा- देश एक और दुष्कर्म की घटना का इंतजार नहीं कर सकता
