बरेली: फ्रांस सरकार के खिलाफ मुस्लिमों ने किया प्रदर्शन
बरेली,अमृत विचार। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों द्वारा पैगंबर मोहम्मद साहब के अपमानजनक कार्टून पर बचाव करने को लेकर गुरुवार को शहर में जमात रजा मुस्तफा ने जोरदार प्रदर्शन किया। फ्रांस विरोधी इस प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों लोगों ने इस मार्च हिस्सा लिया। दरगाह आला हजरत से लेकर अयूब खां चौराहे तक पैदल मार्च निकालकर …
बरेली,अमृत विचार। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों द्वारा पैगंबर मोहम्मद साहब के अपमानजनक कार्टून पर बचाव करने को लेकर गुरुवार को शहर में जमात रजा मुस्तफा ने जोरदार प्रदर्शन किया। फ्रांस विरोधी इस प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों लोगों ने इस मार्च हिस्सा लिया। दरगाह आला हजरत से लेकर अयूब खां चौराहे तक पैदल मार्च निकालकर फ्रांस का झंडा जलाकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
बताते चलें कि फ्रांस में एक स्कूल टीचर की तरफ से पैगंबर मोहम्मद साहब का कार्टून दिखाने और उसके बाद उनका सिर कलम किए जाने की सनसनीखेज घटना के बाद मैक्रों ने जिस तरह धर्म का मजाक उड़ाने का बचाव किया था उसे लेकर दुनियाभर के मुसलमानों में फ्रांस के खिलाफ काफी गुस्सा है। इसी क्रम में गुरुवार को दरगाह आला हजरत के उलेमा ने फ्रांस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काजी-ए-हिन्दुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी के निर्देश पर सैकड़ों लोगों ने सड़क पर उतरकर फ्रांस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने नबी की शान में गुस्ताखी कर विश्वभर के मुसलमानों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। मुसलमान सब कुछ बर्दाश्त कर सकता है लेकिन अपने नबी की शान में गुस्ताखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर सकता। हिन्दुस्तान सहित विश्वभर के उलेमा में इसे लेकर आक्रोश है। यही वजह है कि विश्वभर में मुसलमान विरोध दर्ज करा रहे हैं।
सरकार की आमद की खुशी में मुसलमान सड़कें सजा रहे हैं, घर सजा रहे हैं, दरगाहों व मस्जिदों को सजा रहे हैं और अपने घरों में झंडे लगा रहे हैं। अगर दूसरी ओर कोई नबी की शान में गुस्ताखी करे तो मुसलमान कैसे बर्दाश्त कर सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह फ्रांस के राजदूत को बुलाकर इस मसले पर सख्त विरोध दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) को भी फ्रांस की इस हरकत पर विरोध प्रकट करना चाहिए। जमात के प्रवक्ता समरान खान ने प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर सुबहान हसन खां, मौलाना राहत, मौलाना शम्स रजा, मौलाना सैय्यद सैफ अली कादरी, हाफिज इकराम रजा खां, डा. मेहंदी हसन, मौलाना निजामुद्दीन, मोईन खां, अब्दुल्लाह रजा खां, बख्तियार खां, सपा नेता हैदर अली, कांग्रेस एमएलसी प्रत्याशी मेहंदी हसन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
