मुरादाबाद : दोस्त के अंतिम संस्कार में आया युवक रामगंगा नदी में डूबा, गोताखोर तलाश में जुटे

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

दोस्त को अंतिम विदाई देने पहुंचा था घर का इकलौता चिराग विवेक, घंटों तलाश के बाद भी गोताखोरों को नहीं मिली सफलता

मुरादाबाद ।सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दोस्त के अंतिम संस्कार में पहुंचा युवक रामगंगा नदी में डूब गया। गोताखोर लापता युवक की तलाश में जुटे रहे। घंटों प्रयास के बाद भी गोताखोरों को कामयाबी नहीं मिली। देर रात तक युवक को ढूंढने का प्रयास जारी रहा।

थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि अवंतिका कॉलोनी डबल स्टोरी निवासी लक्ष्मण की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मंगलवार को अंतिम संस्कार के लिए लोग उसे रामगंगा विहार के मुक्तिधाम ले गए थे। इनके साथ कॉलोनी का ही निवासी हरिद्वारी का बेटा विवेक भी पहुंचा था। क्रियाकर्म होने के बाद विवेक (22) रागगंगा नदी में नहाने के लिए उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मुक्तिधाम में मौजूद लोगों ने जब उसकी आवाज सुनी तब बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में डूब गया था। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच गोताखारों को नदी में उतार दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने नदी के किनारे विवेक की चप्पल और कपड़े कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस की टीम और गोताखोर देर रात तक नदी में शव खोजते रहे। कई घंटों के प्रयास के बाद भी कामयाबी नहीं मिली।

police

गोताखोरों का देर रात तक जारी रहा रेस्क्यू
पुलिस ने 24 घंटे बाद शव उतराने की संभावना जताई है। नदी के पानी के तेज बहाव के कारण गोताखोरों को विवेक को ढूंढने में काफी दिक्कत हुई। दाेपहर डेढ़ बजे से देर रात तक गोताखोरों ने युवक को तलाश करने का कार्य जारी रखा। पुलिस ने खोजी नाव को भी नदी में उतारा। इस दौरान वहां मौजूद लोग भी मदद में जुटे रहे। इसके बावजूद सफलता नहीं मिली। फिलहाल रेस्क्यू जारी रहा।

इकलौटा चिराग था विवेक
कॉलोनी के ही रहने वाले किशन ने बताया कि मृतक लक्ष्मण और विवेक दोनों जिगरी दोस्त थे। लक्ष्मण की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसलिए विवेक मंगलवार को दोस्त को अंतिम विदाई देने साथ गया था। विवेक परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी दो बहनें हैं। पिता हरिद्वारी ई-रिक्शा चलाते हैं। विवेक खुद किसी निजी कंपनी में काम करता था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। रक्षाबंधन पर विवेक ने राखी के बंधन में बंधने के बाद दोनों बहनों की रक्षा का वचन दिया था। घटना की खबर सुन उसकी मां बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें सांत्वना दी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा में नर्स के साथ दरिंदगी, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

संबंधित समाचार