बांग्लादेश व कोलकाता मामले को लेकर निकाला मौन जुलूस : एसडीएम के माध्यम से पीएम को भेजा ज्ञापन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कादीपुर /सुलतानपुर अमृत विचारः बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर किए जा रहे हमले एवं पश्चिम बंगाल में महिला चिकित्सक के साथ दरिंदगी के बाद हत्या के विरोध में चिकित्सक संघ एवं बुद्धिजीवियों ने कादीपुर कस्बे में मौन जुलूस निकाला। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी को सौंपा। 

मंगलवार को लोगों ने क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मौन जुलूस निकाला। क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर से निकाला गया जुलूस तहसील तिराहा होते हुए पटेल चौक पर जाकर समाप्त हुआ। जहां पर एसडीएम को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। दिए गए ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या एवं नरसंहार पर रोक लगाये जाने तथा हिंदुओं के धार्मिक स्थलों पर की जा रही तोड़फोड़ को बंद कराए जाने की मांग की गई है।

पश्चिम बंगाल में महिला चिकित्सक की जघन्य हत्या के आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई किए जाने एवं सभी महिला एवं पुरुष चिकित्सकों की सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था कराए जाने की मांग की गई है। क्षेत्र में हो रही महिला उत्पीड़न पर तत्काल अंकुश लगाए जाने की मांग की गई है। जुलूस में डॉ मंगल प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ संजीव कुमार पांडेय, डॉ श्रीकांत मिश्र, डॉ जेबी सिंह, बार के अध्यक्ष दिनेश प्रताप शुक्ल एडवोकेट, नगर पंचायत के अध्यक्ष आनंद जायसवाल, पूर्व प्रमुख डॉ श्रवण मिश्र, डॉ इंदु शेखर उपाध्याय, सभासद ब्रजेश बहादुर सिंह सहित अनेक चिकित्सक, शिक्षाविद,अधिवक्ता एवं बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी केशव प्रसाद मिश्र ने किया।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा में नर्स के साथ दरिंदगी, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

संबंधित समाचार