शाहजहांपुर : बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक राखी बंधवाने जा रहा था...
बिरसिंहपुर के पास रटी मोड़ पर रात में हुआ हादसा
तिलहर, अमृत विचार। तिलहर-निगोही स्टेट हाईवे पर सोमवार रात बिरसिंहपुर के पास रटी मोड़ पर बाइकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।
थाना मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव जिगरिपुर निवासी 35 वर्षीय लेखराज सोमवार रात गांव से हजरतपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। रात करीब 8:30 बजे बाइक जब गांव बिरसिंहपुर के पास रटी मोड़ पर पहुंची, तभी सामने निगोही की तरफ से थाना मदनापुर के गांव सिमरा खेड़ा निवासी 32 वर्षीय राजवीर पुत्र धर्मपाल बाइक से आ गया। दोनों बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां लेखराज को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजवीर को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां राजवीर की देर रात इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। राजवीर जल निगम निगोही में काम करके बहन से राखी बंधवाने अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बिरसिंहपुर के पास रटी मोड़ पर हादसे का शिकार हो गया। युवकों की मृत्यु घर में कोहराम मच गया।
