मुरादाबाद : नशे में धुत्त युवक ने सरेआम सिपाही को पीटा, वर्दी भी फाड़ी...VIDEO वायरल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। नागफनी थाना इलाके से एक चौंकाने वाली वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें एक युवक सिपाही के साथ मारपीट करता हुआ साफ नजर आ रहा है। युवक ने मारपीट के दौरान सिपाही की वर्दी भी फाड़ डाली। आसपास खड़े लोगों ने घटना कैमरे में कैद कर ली। फिर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी सिटी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया है कि नागफनी थाने की पुलिस को सोमवार सुबह दसवें घाट कॉलोनी में मारपीट की सूचना मिली थी। जहां पर शराब के नशे में धुत्त एक युवक लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज कर रहा था। कॉलोनी के निकट तैनात पुलसकर्मी आकाश घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मी ने नशेड़ी को पकड़ने का प्रयास किया। उसने हाथापाई शुरू कर दी। फिर एक-दूसरे का कालर पकड़कर दोनों में जमकर मारपीट हुई। नशेड़ी ने आकश की वर्दी फाड़ दी। देखते-देखते ही लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने भी बचाने का प्रयास नहीं किया, बल्कि पास खड़े लोगों ने घटना कैमरे में कैद कर वीडियो वायरल कर दी। 

सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर ठहाके लगा रहे हैं। वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी सिटी ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी मोहित उर्फ टाटा के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद में मिले दो डेंगू के रोगी, तीसरा संदिग्ध...मरीजों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

संबंधित समाचार