कूड़ा निस्तारण गृह निर्माण की भूमि अतिक्रमण मुक्त नहीं करा सका प्रशासन,लग रहे आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

त्रिवेदीगंज/ बाराबंकी, अमृत विचार । लाख कोशिशों के बावजूद कूड़ा निस्तारण की राह का रोड़ा अवैध अतिक्रमण राजनीतिक कारणोंवश पुलिस प्रशासन व राजस्व विभाग हटाने में असमर्थ रहा। ओडीएफ योजना अंतर्गत विकास क्षेत्र त्रिवेदीगंज की पंचायत तेजवापुर में कूड़ा निस्तारण गृह का निर्माण कराया जाना है। गत तीन वर्षों से ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी कूड़ा निस्तारण गृह के निर्माण के लिए राजस्व विभाग की गणेश परिक्रमा कर रहे हैं।

ग्राम प्रधान द्वारा पत्र लिखे जाने के अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी द्वारा भी उप जिला अधिकारी को प्रेषित पत्र में कूड़ा निस्तारण गृह हेतु चयनित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने के लिए तहसील के चक्कर लगा रहे हैं। उपजिलाधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद अतिक्रमण कर्ता भूमि खाली करने को तैयार नहीं है, जबकि अतिक्रमण कर्ता को पहले ही सरकारी इंदिरा आवास का लाभ दिया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उसके पास पहले से ही एक अन्य आवास भी है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व जिला भाजपा नेता संजय वर्मा का कहना है की भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वाले, लेखपाल से मिले हुए हैं। इसीलिए भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम की उपस्थिति के बावजूद सरकारी भूमि को खाली नहीं कराया जा पा रहा है।

संजय वर्मा ने बताया कि तीन साल से वह लगातार पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन पहली बार शुक्रवार को तहसील दिवस में संज्ञान लेते हुए जब राजस्व विभाग की टीम पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची तो अतिक्रमणकर्ता मौके से गायब मिला। उसकी पत्नी व पुत्री पूरी टीम के सामने ईट व डंडा उठाकर हमलावर हो गई। सात साल से क्षेत्र में जमे लेखपाल ने कार्रवाई करने के बजाय स्थल मेमो बनाकर मौके से चले जाना उचित समझा। उल्लेखनीय है लेखपाल के विरुद्ध की गई दर्जनों शिकायतों का अभी तक संज्ञान नहीं लिया गया है। लेखपाल का कहना है कि यदि स्थल को खाली करने में कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई तो हम कर्मचारियों को खामियाजा भुगतना होगा।

मौके पर मौजूद महिला ने बताया कि उक्त जमीन उसे पूर्व प्रधान ने दी थी। यहां यह भी उल्लेख करना आवश्यक है कब्जाई गई जमीन पर स्थाई निर्माण नहीं किया गया है। बल्कि कब्जे की नीयत से मात्र एक ही व्यक्ति द्वारा चार छप्पर रखे गए हैं। इन छप्परों को महिला अलग-अलग अपने तीन बेटों के बता रही है। उपजिलाधिकारी मोहम्मद शम्स तबरेज खान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करया जाएगा। साथ ही भी हटवाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- रेलवे बोर्ड की चेयरमैन ने फाफामऊ स्टेशन का किया निरीक्षण : महाकुंभ से पहले तैयारी पूरी करने का दिया निर्देश

संबंधित समाचार