बरेली : होटल में मिला था लड़की का शव, हत्या के बाद मंगेतर ने की खुदकुशी ?

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

रेलवे ट्रैक से मंगेतर आलम का शव भी जीआरपी ने बरामद किया

बरेली, अमृत विचार। रोडवेज स्थित एक होटल में एक युवती का शव मंगलवार सुबह मिला था, आरोप लगा कि जिस शख्स से मिलने लड़की आई थी उसी ने लड़की की हत्या की है। अब पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस युवक की आईडी से होटल में कमरा बुक किया गया था उसका शव सोमवार रात ही जीआरपी ने बरामद कर लिया था। युवती की हत्या के बाद युवक शव को कमरे में ही छोड़कर चला गया था। युवक लड़की का मंगेतर था और दोनों की जल्द शादी होने वाली थी। आशंका है कि लड़की की हत्या के बाद उसके मंगेतर ने ट्रेन के आगे आकर जान दे दी। 

पुलिस के मुताबिक जिस लड़की का शव रोडवेज स्थित प्रीत पैलेट होटल से बरामद किया था उसकी शिनाख्त फरजाना उर्फ शब्बो निवासी थाना शाही के रूप में हुई है। आजमनगर निवासी आलम ने ही फरजाना की हत्या को अंजाम दिया था। जांच में पता चला कि सोमवार शाम करीब 5:30 बजे फरजाना की धारदार हथियार से हत्या कर आलम शव को होटल के कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया था। सोमवार की रात जीआरपी को सूचना मिली कि धनेटा क्रासिंग थाना फतेहगंज पश्चिमी में ट्रेन से कटकर एक शख्स की मौत हो गई है। जिसके बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार को उसकी आरोपी आलम के रूप में हुई। पूरे मामले में एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है,उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार