सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ता के परिजनों से पुलिस अधीक्षक ने की मुलाकात, हर संभव मदद का दिया भरोसा

पुलिस अधीक्षक ने उप निरीक्षक को जिला मुख्यालय से किया संबंध, विभागीय जांच किया शुरू 

जहांगीरगंज/ अंबेडकरनगर, अमृत विचार। छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त हरिश्याम यादव को मंगलवार की रात में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की चार टीमें अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थी। 

बता दें कि सामूहिक दुष्कर्म की शिकार खुदकुशी करने वाली छात्रा का बीते सोमवार को कम्हरिया घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतेष्टि की गई। वहीं मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और अपर पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्राधिकारी और उपजिलाधिकारी ने पीडि़त परिवार से मुलाकात किया और उनका ढांढस बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक ने पीडि़त पिता को आश्वस्त किया कि अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।  सामूहिक दुष्कर्म के बाद फांसी लगाकर जान देने वाली छात्रा के घर राजनीतिक दलों के लोगों का तांता लगा हुआ है। पूर्व सांसद व भाजपा नेता रितेश पांडेय ने पीडि़त के घर पर जाकर परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने दर्ज मुकदमें में सामूहिक दुराचार की धारा बढ़ाने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। पुलिस ने दर्ज मुकदमें में सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ाने के साथ दो नामजद आरोपी को बीते सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था।

राजेसुल्तानपुर पुलिस ने हिरासत में लिए गए दो नामजद आरोपितों को जेल भेजने के साथ तीसरे अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की चार टीमों को लगायी थी। जिसे मंगलवार की रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। राजेसुल्तानपुर पुलिस ने सत्यम यादव उर्फ  भोला यादव और समीर खान और हरिश्याम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व सांसद रितेश पांडेय, आलापुर विधायक त्रिभुवनदत्त ने पीडि़त परिवार से मुलाकता कर उनका ढांढस बढ़ाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया है।  

एसपी ने उप निरीक्षक को किया लाइन हाजिर : राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भभौरा गांव निवासिनी छात्रा के साथ तीन युवकों ने 16 अगस्त की रात्रि में सामूहिक दुष्कर्म कर 17 अगस्त को दिन में 11 बजे सीमावर्ती जनपद आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के पचरी भगतपुर में स्थित जूनियर हाईस्कूल के पास घायलावस्था में छोडक़र चले गए थे। परिजन छात्रा को लेकर जब घर आए तो हैवानियत की शिकार छात्रा ने दिन में करीब 3 बजे फांसी लगाकर जान दे दिया था। राजेसुल्तानपुर थाने में तैनात एक उप निरीक्षक कुरैशी के ऊपर मृतका के पिता ने बोलकर तहरीर लिखाए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस अधीक्षक ने उप निरीक्षक कुरैशी को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय से संबंध कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

एसपी बोले : पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों के आर्थिक मदद के लिए रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत फाइल भेजी जा रही है। सभी परिजनों से बातचीत की गई है। परिजनों के साथ बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट में बैठक कर उनकी मांगों के संबंध में कार्रवाई पूरी कराई जाएगी। 

यह भी पढ़ें- तिहरा हत्याकांड : हिस्ट्रीशीटर लल्लन खां के बेटे फराज अहमद के 11.29 लाख रुपये सीज

संबंधित समाचार