लखनऊ: Shekhar Hospital की कैंटीन पर चला बुलडोजर, कार्रवाई के लिए नहीं मिला पुलिस फोर्स
लखनऊ, अमृत विचार। आवास विकास परिषद के अभियंताओं ने मंगलवार को इन्दिरा नगर में सड़क किनारे अवैध तरीके से बनाई गई शेखर अस्पताल की कैंटीन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा मेडिकल स्टोर भी खाली करा दिया, जिसे बुधवार को तोड़ा जाएगा।
निर्माण खंड लखनऊ 7 के अधिशासी अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि तीन मंजिल का नक्शा पास कराकर छह मंजिला भवन बना दिया गया। ध्वस्तीकरण नोटिस दो दिन पहले ही चस्पा कर दिया गया था। पुलिस बल न मिलने पर परिषद उप आवास आयुक्त हिमांशु गुप्ता की उपस्थिति में शाम 4 बजे प्रवर्तन दल की मदद से अभियंताओं ने अस्पताल कैंटीन की दीवारें बुलडोजर से ध्वस्त करा दी। परिसर में अवैध रूप से बना मेडिकल स्टोर भी खाली करा दिया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान मरीजों को शिफ्ट करने का नोटिस दिया गया था। सीएमओ कार्यालय को भी इस संबंध में पत्र भेजा था, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने न सामान हटाया और न मरीज शिफ्ट किए। इससे ऊपर के तीन तल ध्वस्त करने की कार्रवाई नहीं हो सकी। बुधवार को अवैध निर्माण फिर तोड़ा जाएगा।
अधिशासी अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि टीम सुबह 10 बजे पुलिस बल लेने के लिए गाजीपुर थाना पहुंच गई थी। प्रभारी थाना इंचार्ज ने बताया गया कि 22 से 25 अगस्त तक पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया जा सकता है। इसके बाद डीसीपी से मुलाकात की, लेकिन पुलिस बल नहीं मिला। फोर्स उपलब्ध कराने के लिए परिषद की ओर से पुलिस कमिश्नर को भी पत्र दिया गया था।
यह भी पढ़ें: UP 69000 शिक्षक भर्ती: कोर्ट के आदेश का पालन किए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
