कानपुर में तेज रफ्तार बाइक ने दो किसानों को मारी टक्कर: एक की मौके पर तो दूसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, एक घायल
कानपुर में सड़क हादसे में दो की मौत हो गई
कानपुर, अमृत विचार। सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र के रमईपुर सचेंडी रोड पर मगरासा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने खेत से पैदल लौट रहे दो किसानों को टक्कर मार दी। जिसमें एक किसान की मौके पर मौत हो गई। वहीं साथी किसान ने हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मगरासा गांव निवासी 52 वर्षीय किसान कमलेश मंगलवार रात पड़ोसी 35 वर्षीय राजा संग खेत से धान रोपाई करके लौट रहे थे। नमक फैक्ट्री के पास सचेंडी की ओर से आ रहा तेज रफ्तार बाइक सवार दोनों किसानों को जोरदार टक्कर मारता हुआ सड़क पर गिर गया। हादसे में कमलेश की मौके पर मौत हो गई। वहीं साथी किसान राजा और इटरा निवासी 36 वर्षीय बाइक सवार संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी देकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से दोनों को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सुबह राजा की भी मौत हो गई। थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि बाइक कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- इटावा-कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी कार...एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
