सिपाही भर्ती परीक्षा: केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थी, सघन जांच के बाद मिली एंट्री, देखें वीडियो...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम

गोंडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की तरफ से आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी करायी जा रही है। पहली पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सुबह ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए‌। उन्हें सघन जांच के बाद परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश दिया गया।

आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए जिले के 13 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 10 बजे से होने वाली पहली पाली की परीक्षा के लिए सुबह से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच‌ गए। अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो घंटे पहले सुबह 8 बजे से ही इंट्री दी गयी। केंद्र के भीतर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गयी। जांच के लिए केंद्र के गेट पर महिला व पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग अलग व्यवस्था की गयी है‌।

cats

महिला पुलिसकर्मियों ने महिला अभ्यर्थियों की तलाशी ली। नकल मुक्त परीक्षा के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता व सुचिता को बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। अफसर लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं। 

प्रत्येक पाली में 5232 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली की परीक्षा में 5232 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न करने के लिए 13 सेक्टर,13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट,316 कक्ष निरीक्षक,13 सहायक केंद्र व्यवस्थापक 13 परीक्षा सहायक और एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक,एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षा सामग्रियों को सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा एकत्रित करके गोंडा पुलिस लाइन के कोषागार में जमा करेंगे जहां से परीक्षा सामग्रियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड को भेजा जाएगा।

13 परीक्षा केंद्रों के पास लगाए गए जैमर, संदिग्धों पर नजर

अमृत विचार: जिले में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस द्वारा जैमर लगाया गया है ताकि किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग करके कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा में व्यवधान न उत्पन्न कर पाए और न ही नकल कर पाए। इसको लेकर भी पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ एक्सपर्ट कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम ग्रुपों पर भी पुलिस प्रशासन द्वारा नजर रखी जा रही है। नकल विहीन परीक्षा को संपन्न करने के लिए गोंडा का जिला प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट है। अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए किया गया रूट डायवर्जन

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने आ रहे परीक्षार्थियों के चलते गोंडा जिला प्रशासन द्वारा पूरे शहर समेत पूरे जिले में रूट डायवर्जन किया गया है। ताकि परीक्षा देने आ रहे परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। गोंडा शहर में सुबह 7:00 से 10:00 बजे तक और दोपहर 12:00 बजे से 3:00 तक साथ ही शाम को 5:00 बजे से रात में 10:00 तक रूट डायवर्जन किया गया है। जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की समस्या ना हो और परीक्षार्थी परीक्षा सकुशल देने के लिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और परीक्षा देकर के अपने घरों को जा सकें।

यह भी पढ़ें:-UPPolice Exam: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा आज से, परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे अभ्यर्थी

संबंधित समाचार