कासगंज : एलटी लाइन में एचटी करंट दौड़ने से हड़कंप, तीन लोग चपेट में आकर घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

उच्च तापीय करंट दौडने से दर्जनों बिजली उपकरण फूंके

कासगंज, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नमैनी में गुरुवार की देर शाम एलटी लाइन में एचटी लाइन का करंट आ गया। जिससे कई घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। करंट की चपेट में आकर एक युवक व दो महिलाएं घायल हो गईं। करंट से घायल हुए ग्रामीणों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार किया गया। शुक्रवार को विद्युत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की है।


नमैनी गांव में उच्च तापीय करंट दौडऩे का घटनाक्रम गुरुवार की शाम को हुआ। बताया गया कि विद्युत ट्रांसफार्मर में खराबी हुई। जिसे विद्युत कर्मी के द्वारा सही किया। जब विद्युत लाइन सही की गई। उसके बाद ही लाइन में उच्च तापीय करंट प्रवाहित हो गया। लोगों का मानना है कि ट्रांसफार्मर पर विद्युतकर्मी ने गलत तार जोड़ दिया। जिससे उच्च तापीय करंट प्रवाहित हो गया। करंट प्रवाहित होने से घरों में लगे हजारों रुपए की कीमत के विद्युत उपकरण फुंक गए। वहीं करंट प्रवाहित होने से नल पर पानी पी रही महिला अंजना को तेज करंट लग गया। वह करंट लगते ही दूर जा गिरी। महिला विनीता नल पर बर्तन धो रही थी। उसे भी करंट लगा और वह दूर जा गिरी। वहीं एक युवक विवेक अपनी छत पर टहल रहा था। नमी होने के कारण उसे भी तेज करंट लग गया। वह भी छत से नीचे गिर गया। ग्रामीणों ने विद्युत निगम को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मी लाइन को ठीक करने में जुटे हुए थे। वहीं तीनों करंट से झुलसे घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका उपचार जारी है।

संबंधित समाचार