लखीमपुर खीरी : निजी स्कूल के चौकीदार की संदिग्ध हालत में मौत
स्कूल में पानी की मोटर के पास पड़ा मिला शव
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ के गांव जोधपुर के पास स्थित एक निजी स्कूल के चौकीदार गांव जोधपुर निवासी जगदीश की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शनिवार की सुबह उसका शव पानी की मोटर के पास बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
जोधपुर गांव के पास हाइवे किनारे स्थित एक निजी विद्यालय में गांव का ही जयकरन (35) पुत्र नत्थूलाल पिछले 16 वर्षों से चौकीदारी का काम करता था। शुक्रवार शाम को वह घर से खाना खाने के बाद स्कूल आ गया। शनिवार सुबह देर तक जब जयकरन घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को चिंता हुई। उसका पुत्र सौरभ पिता को बुलाने के लिए विद्यालय गया तो वहां स्कूल का गेट अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद कोई जवाब न मिला तो सौरभ दीवार फांद कर अंदर पहुंचा तो देखा उसके पिता जयकरन नल के निकट लगे टुल्लू मोटर के पास मृत अवस्था में पड़े थे। सौरभ रोता बिलखता गांव पहुंचा और पिता की मौत के बारे में घर वालों को जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग तमाम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। आशंका है कि नल पर नहाते समय करंट लगने से जयकरन की मौत हुई होगी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
