Kanpur: एक और युवक की मौत का कारण बना जूही खलवा पुल...नगर निगम के नाकारापन के खिलाफ भड़का लोगों का गुस्सा, जमकर हुई नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जलभराव के कारण रेलवे ट्रैक पार करते समय वंदे भारत की चपेट में आया बधिर युवक

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम और जल निगम के नाकारापन से जूही खलवा पुल एक और युवक की मौत का कारण बन गया। पुल पर घुटने तक कीचड़ और जलभराव होने के कारण बधिर युवक पैदल रेलवे लाइन पार कर अफीम कोठी की तरफ जा रहा था, इसी बीच दिल्ली जा रही तेज रफ्तार वंदे भारत की टक्कर से युवक उछलकर पुल के नीचे जा गिरा और दम तोड़ दिया।    

परमपुरवा कालोनी निवासी मो. रजा का बड़ा बेटा रिजवान (31) सिलाई का काम करता था। शनिवार सुबह पौने नौ बजे वह अफीमकोठी जाने के लिए निकला था, लेकिन खलवा पुल पर कीचड़ और जलभराव देखकर रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान वाराणसी-दिल्ली वंदेभारत की चपेट में आ गया।  

हादसे के बाद पुल के आसपास रहने वाले लोगों ने कीचड़ व जलभराव के विरोध में नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि पुल की दुर्दशा के कारण मौतों का नगर निगम जिम्मेदार है। उसकी अनदेखी के कारण लोग जान गंवा रहे है। 

मामूली बारिश में लोगों का यहां से निकलना दूभर हो जाता है। मजबूरी में लोग रेलवे लाइन पार करते निकलते है तो जिंदगी से हाथ धो बैठते हैं। मृतक के छोटे भाई अयाज ने बताया कि रिजवान जन्म से बधिर था। इसी कारण ट्रेन आने की आहट नहीं लगी। 

चार मोटरें लगीं पुल फिर भी बंद

जूही खलवा पुल पर जलभराव की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। जलनिगम अधिकारियों ने राखी मंडी सीवरेज पंपिंग स्टेशन की 4 मोटरों को ट्रायल के रूप में चलाना शुरू किया है, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। शनिवार को हुई बरसात के चलते एक बार फिर पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया। दोनों तरफ बैरीकेडिंग कर दी गई। 

जलनिगम के अधिशासी अभियंता राम निवास के अनुसार पंपिंग स्टेशन रविवार से शुरू कर दिया जायेगा। नगर निगम के अवर अभियंता ने अखिलेश यादव ने बताया कि पानी रुकता है तो कीचड़ साफ करने में कर्मचारियों को लगाया जाता है। लेकिन सफाई कार्य को बारिश प्रभावित कर रही है। 24 घंटे पुल पर निगरानी के लिये सुरक्षा कर्मचारियों को लगाया गया है। 

विधायक की धमकी भी नहीं आई काम

भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी ने पिछले दिनों खलवा पुल पर बने संपवेल का काम देख रही केआरएमपीएल के अधिकारियों को हड़काते हुए तत्काल समस्या को दूर करने के निर्देश दिये थे। लेकिन हालात जरा भी नहीं सुधरे हैं।

ये भी पढ़ें- Kanpur: जूते में पानी पिलाने का आरोप इंस्पेक्टर व पुलिस वालों की जांच...पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से की थी शिकायत

संबंधित समाचार