कासगंज: बिजली के करंट की चपेट में आकर किसान की मौत
पंखा के तार लगाते समय हुआ हादसा, घर में अकेला रहता था किसान
सिढ़पुरा, अमृत विचार। थाना सिढ़पुरा के गांव बकावली में बिजली के करंट की चपेट में आकर 40 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसान घर में अकेला रहता था।
गांव बकावली निवासी 40 वर्षीय श्याम लाल पुत्र हिम्मत सिंह अपने घर में अकेले रहते थे। शनिवार रात वह सोने के लिए कमरे में गए और पंखे का तार लगाने का प्रयास किया इसी प्रयास में वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी किसी को नहीं थी। रविवार दोपहर श्याम लाल की पुत्री लक्ष्मी दिल्ली से आयी और उसने मुख्य द्वार खटखटया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला तो वह पड़ोसी कृष्ण कुमार एवं अन्य के पास पहुंची और मदद मांगी। पड़ोसियों ने भी दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो दरवाजा नहीं खुला। कुछ ग्रामीण छत के रास्ते से घर में घुसे और अंदर जाकर देखा तो कमरे में श्याम लाल का शव पड़ा था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
