लखीमपुर खीरी: दोनों मार्गो से पलिया पहुंचना हुआ कठिन
कीचड़ व पानी वाले रास्तों से गुजरते वाहनों की बढ़ी मुश्किलें, लग रहा जाम
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जनपद मुख्यालय लखीमपुर से पलिया पहुंचने के लिए कुल दो मार्ग हैं। एक लखीमपुर से भीरा होते हुए तो दूसरा लखीमपुर से निघासन होते हुए पलिया आने का मार्ग है। इन दोनों मार्गों से पलिया पहुंचना काफी मुश्किल हो गया है।
भीरा से पलिया की दूरी मात्र 15 किलोमीटर है। इस मार्ग पर शारदा पुल और अतरिया के मध्य करीब पौने दो माह से 1 किलोमीटर तक शारदा नदी का पानी बह रहा है, जो कभी एक फुट ऊंचा, तो कभी 2 फुट से भी अधिक ऊंचाई तक तेज धार में बहने लगता है। इससे जहां भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से अभी तक बंद है , वहीं आए दिन छोटे वाहनों का भी आवागमन अवरुद्ध हो जाता है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। सोमवार को भी दोपहर बाद यही हाल हुआ और शारदा पुल के आगे तक वाहनों का भारी जाम लग गया। लोग घंटों परेशान हुए। दूसरा मार्ग निघासन- नौगवां होते हुए पलिया तक जाता है। इस मार्ग पर बेला ग्राम के सामने रपटा के निकट एक पुलिया कई महीने पूर्व से निर्माणाधीन है। जो जिम्मेदारों गंभीरता न बरते जाने से आज तक नहीं बन सकी है, पुलिया के निकट हल्का बाईपास बनाया गया है। जिस पर से गुजर रहे सुहेली नदी की बाढ़ के पानी ने रास्ते को अत्यंत खराब कर दिया है। इस कीचड़- पानी वाले रास्ते से निकल रहे वाहन बिना ट्रैक्टर और जेबीसी वालों को रुपए दे धक्का लगवाए बिना यहां से गुजर नहीं पाते हैं। नतीजा दोनों ओर यहां भी लंबा जाम लग जाता है। लोग बेहद परेशान हैं।
