Kanpur News: युवक की हत्या में दंपति समेत तीन को उम्रकैद...पत्नी से अवैध संबंधों के शक में साले के साथ मिलकर की थी वारदात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला जज की कोर्ट ने सुनाया फैसला, 30-30 हजार जुर्माना लगाया

कानपुर, अमृत विचार। पत्नी से अवैध संबंधों के शक में युवक की हत्या करने वाले दंपति समेत तीन लोगों को जिला जज की कोर्ट ने दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मृतक के भाई ने वर्ष 2019 में कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोषियों ने युवक को शराब पीने के बहाने बुलाकर घटना को अंजाम दिया था और उसका शव हाथ पैर बांध कर चेंबर में दफना दिया था। 

वादी बृजेंद्र कुमार ने बताया कि उनका भाई गुलशन उर्फ बड़के पुताई का काम करता था। घर से कुछ दूरी पर रहने वाले विश्वनाथ उर्फ लउवा की पत्नी सोनी उससे फोन पर बातचीत करती थी, जिस कारण विश्वनाथ कई बार गुलशन से मारपीट कर चुका था। बताया कि 29 अप्रैल 2019 की रात करीब 10:30 बजे विश्वनाथ ने भाई को फोन कर बुलाया, इसके बाद भाई वापस नहीं लौटा। अगले दिन वह विश्वनाथ के घर पहुंचा तो ताला बंद मिला। 

शक होने पर 1 मई की रात्रि 9:30 बजे विश्वनाथ का घर खुलवाने पर उसके शौचालय के चेंबर के पास मिट्टी खुदी मिली। चेंबर तोड़ा गया जिसमें गुलशन की हाथ पैर बंधी हुई लाश मिली। बृजेंद्र ने आरोपियों के खिलाफ कल्याणपुर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

मामला जिला जज प्रदीप कुमार सिंह की कोर्ट में विचाराधीन था। डीजीसी दिलीप अवस्थी व एडिशनल डीजीसी ओंकारनाथ वर्मा ने बताया कि कोर्ट ने आरोपी विश्वनाथ, उसकी पत्नी सोनी व साले अनिकेत उर्फ नमन को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास व 30-30 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।

बहन बोली- विश्वनाथ के बुलाने पर उसके घर जा रहा

मृतक की बहन पूजा ने बताया कि घटना के चार महीने पहले विश्वनाथ, साले नमन व एक अन्य ने उसके भाई को काफी मारा पीटा था। पूजा ने बताया कि 29 अप्रैल को उसके भाईके पास विश्वनाथ का फोन आया था। जिस पर भाई ने बताया कि विश्वनाथ के उसे घर बुलाया है। अगर उसके साथ कोई घटना होती है उसका जिम्मेदार विश्वनाथ, उसकी पत्नी सोनी व साला नमन होगा। 

गुलशन घर आता-जाता था, बदनामी हो रही थी

पूछताछ के दौरान विश्वनाथ ने बताया कि गुलशन का उसके घर आना जाना था। इस दौरान उसके पत्नी से अवैध संबंध हो गए थे। कई बार मेरी अनुपस्थिति में गुलशन घर आने जाने लगा था। पूर्व में भी गुलशन को मैंने व मेरे साले ने पीटा था। कुछ दिन तक गुलशन ने घर आना जान बंद कर दिया। उसके बाद फिर आने जाने लगा, जिससे मेरी काफी बदनामी होने लगी। जिसके बाद 22 अप्रैल को मैंने अपने साले नमन के साथ हत्या की योजना बनाई।


संबंधित समाचार