मुरादाबाद: 15 फीसदी बढ़ी रिकवरी दर, 95 फीसदी स्वस्थ हो चुके हैं संक्रमित
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोविड संक्रमण भले ही अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ हो, लेकिन जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उसने अधिकारियों को काफी राहत देनी शुरू कर दी है। इसे खुश खबरी ही कहेंगे जो रिकवरी की दर 70 फीसदी से ज्यादा नहीं हो पा रही थी, वह अब 95 फीसदी तक पहुंच …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोविड संक्रमण भले ही अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ हो, लेकिन जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, उसने अधिकारियों को काफी राहत देनी शुरू कर दी है। इसे खुश खबरी ही कहेंगे जो रिकवरी की दर 70 फीसदी से ज्यादा नहीं हो पा रही थी, वह अब 95 फीसदी तक पहुंच चुकी है। हालांकि इन आंकड़ों के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को संक्रमण के प्रति सचेत रहने की सलाह दी है। फेस मास्क और सामाजिक दूरी के पालन को अहम बताया गया है।
जिले में 10357 संक्रमित अब तक दर्ज किए जा चुके हैं। इसके सापेक्ष 9847 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। इन आंकड़ों के अनुसार रिकवरी सौ फीसदी से मात्र पांच फीसदी ही कम है। अक्टूबर महीने के तीन सप्ताह तक यह आंकड़ा धीरे धीरे बढ़ा। रिकवरी रेट जो सत्तर फीसदी था, उसमें फिर तेजी आई और पंद्रह फीसदी तक यह बढ़ गई। हालांकि रिकवरी बढ़ने में सबसे अधिक कारण होम आइसोलेट हुए संक्रमित हैं। लगातार पचास से अस्सी तक प्रतिदिन होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों के स्वस्थ होने से यह आंकड़ा तेजी के साथ बढ़ा है।
एसीएमओ डा. डीके प्रेमी ने बताया कि आंकड़े बेहतर स्थिति को दर्शा रहे हैं। पर कोविड संक्रमण पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सचेत रहने की आवश्यकता है। सभी को फेस मास्क के साथ ही बाहर निकलना चाहिए। सामाजिक दूरी का पालन बेहद जरूरी है। हाथों को धोना, सेनेटाइज करते रहना चाहिए। त्योहारों का समय चल रहा है, इसमें संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए सचेत और जागरूक होने की जरूरत है।
