रामपुर: इमरती के युवक की दिल्ली में करंट लगने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
रामपुर/सैदनगर, अमृत विचार। इमरती खेमपुर निवासी बिजली मैकेनिक की दिल्ली में करंट लगने से मौत हो गई। युवक एक कंपनी में रहकर एसी संभालने का कार्य करता था। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के इमरती गांव निवासी हाजी शरीफ का पुत्र गुलफाम सलमानी उम्र 22 वर्ष शाहदरा दिल्ली में रहकर एक कंपनी में काम करता था। बताते हैं कि युवक किसी फैक्ट्री में एसी ठीक करने के लिए गया था। शनिवार की सुबह एसी ठीक करते समय युवक करंट की चपेट में आ गया। पास खड़े लोगों ने किसी तरह युवक को तारों से हटाया। युवक को पहले तो पास के किसी निजी चिकित्सक को बुलाकर दिखाया गया। हालत नाजुक होने पर युवक को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर के बाद डॉक्टर ने युवक को देखा, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। अस्पताल से युवक की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन शव लेने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं।
