लखीमपुर खीरी: सोने की चूड़ियां कांच में बदलीं...ठगी की शिकार महिला के उड़े होश
महिला को झांसा देकर चेन व चूड़ी लेकर भाग निकला ठग
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर शहर में एक बार फिर ठग गिरोह सक्रिय हो गया है। ये गिरोह महिलाओं को लूट व छिनैती होने का डर बताकर पहले तो झांसे में लेते हैं और फिर जेवर और नकदी लेकर भाग जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मिश्राना पुलिस चौकी के पास हुआ। शहर में चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाएं होने का भय दिखाकर ठग ने एक महिला की चेन व सोने की चूड़ी उतरवाई। उसे कागज में लपेटकर महिला के पर्स में रखवा दिया। महिला ने जब घर पहुंचकर पर्स से कागज निकालकर खोला तो उसमें कांच की चूड़ी मिली। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शहर समेत पूरे जिले में चोरी की घटनाओं से लोग थर्रा उठे हैं, लेकिन पुलिस इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। इधर शहर में राह चलती महिलाओं को भ्रमित कर ठगी करने वाला गिरोह भी सक्रिय हो गया है। सिविल लाइंस इमली चौराहा से रिक्शे पर सवार होकर जा रही सचिता गुप्ता गिरोह के एक सदस्य का शिकार बन गई। सचिता गुप्ता ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब 2:40 बजे वह रिक्शा पर बैठकर अपने निजी काम से पंजाबी कॉलोनी जा रहीं थीं। मिश्राना पुलिस चौकी से 50 कदम पहले सरस्वती बालिका मंदिर के पास पहुंची थीं। इसी बीच पीछे से एक युवक बाइक से आया और आवाज देकर रिक्शा रोक लिया। आरोपी ने कहा की आप ने जो सोने की चेन और चूड़ी पहन रखी है। इसको निकाल कर रख लो। आज कल घटनाएं बहुत हो रही हैं, फिर उसने एक कागज दिया, जिसमें उन्होंने अपनी चेन व चूडी निकाल कर रख दी। उसने कहा कि पर्स में रख लो। कागज सहित सामान पर्स में रख लिया। जब घर आकर पर्स से कागज निकालकर देखा तो उनके होश उड़ गए, उसमें से चेन गायब थी और सोने की चूड़ी की जगह कांच की चूड़ी निकली। उन्होंने घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
