पीलीभीत: शक्की पति पर सनक सवार हुई तो काट दी पत्नी की नाक...

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पत्नी की नाक काटने वाले आरोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार। सालभर बाद घर आई पत्नी से पति ने झगड़ा कर लिया। पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, लिहाजा गुस्से में आकर सोते वक्त चाकू से पत्नी की नाक काट दी और फरार हो गया। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी भर्ती कराया। आरोपी पति को भी कुछ देर बाद हिरासत में ले लिया गया।  महिला के परिवार वालों को भी सूचना देकर बुलाया गया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी गई है। घटना को लेकर गांव में हड़कंप मचा रहा।

घटना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम परेवाअनूप की है। यहां के रहने वाले प्रेमशंकर की पहली पत्नी की मौत कई साल पहले हो गई थी। फिर उसने असम की रहने वाली रूपा देवी (40) को बतौर पत्नी साथ रख लिया था। प्रेम शंकर के कुल पांच बच्चे हैं।  बताते हैं कि करीब एक साल से रुपा देवी उसके पास नहीं रह रही थी। रविवार को ही फोन कर प्रेमशंकर ने पत्नी रूपा देवी को घर बुलाया था। शाम को दोनों के बीच झगड़ा फसाद हो गया। इसके बाद दोनों सोने चले गए। आरोप है कि सोमवार सुबह करीब चार बजे प्रेम शंकर ने चाकू से रुपा देवी की नाक काट दी। उस वक्त रूपा देवी सो रही थी।  इसके बाद आरोपी पति भाग गया। ग्रामीणों ने लहूलुहान हालत में महिला को देखा तो भीड़ जमा हो गई।  घटना की सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इधर, पुलिस ने सुरागरसी के बाद आरोपी पति को भी हिरासत में ले लिया। महिला के रिश्तेदारों के बारे में जानकारी करने पर बहन के पूरनपुर क्षेत्र में होने का पता चला। जिसके पर उसे भी घटना की सूचना देकर बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई में जुटी है।

संबंधित समाचार