कासगंज: बीच सड़क पर भिड़ गए दो बैल, रास्ते से गुजर रहे बुजुर्ग को भी पटक दिया, मौत
बुजुर्ग किसान की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
कासगंज, अमृत विचार। थाना सिकंद्रपुर वैश्य के गांव राजा रिजोला में लड़ रहे दो बैलों की चपेट में आकर 55 वर्षीय वृद्ध किसान की मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव बढोला निवासी जतीश पुत्र महेंद्र पशु बाजार से बैल की जोड़ी खरीद कर लाया था। वह बैलों को लेकर गांव जा रहा था। बैल आपस में लड़ने लगे, तो जतीश के हाथों से बैलों की रस्सी छूट गई। बैल एक दूसरे को रौंदते हुए गांव राजा रिजोला में घुस गए। जहां मार्ग से गुजर रहे 55 वर्षीय किसान सुरेश सिंह पुत्र रामसहाय बैलों की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें घायल अवस्था में निजी चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना सिकंद्रपुर वैश्य पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के संबंध में पुलिस ने लोगों से जानकारी की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पटियाली के सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
