बरेली: पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बनेंगे सात होटल
बरेली, अमृत विचार। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले में सात होटल बनाने की तैयारी चल रही है। दो होटलों के बनने की राह आसान हो गई है। अन्य की राह में आ रहे रोड़े भी जल्द दूर कर लिए जाएंगे। डीएम नितीश कुमार ने शनिवार को पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक …
बरेली, अमृत विचार। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले में सात होटल बनाने की तैयारी चल रही है। दो होटलों के बनने की राह आसान हो गई है। अन्य की राह में आ रहे रोड़े भी जल्द दूर कर लिए जाएंगे। डीएम नितीश कुमार ने शनिवार को पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें पर्यटन से जुड़े मामलों में तेजी लाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में डीएम नितीश कुमार की अध्यक्षता में पर्यटन नीति 2018 के तहत बरेली में निजी क्षेत्र में स्थापित होने वाले नवीन पर्यटन इकाइयों से संबंधित बैठक में बताया गया कि नीति के तहत होटल, रिजार्ट, बजट होटल, स्पोर्ट रिसॉर्ट, टेंट एकमोडेशन, कनवेंशन सेंटर, वेलनेस सेंटर, पर्यटन एवं अतिथि सत्कार प्रशिक्षण केंद्र आदि की नई इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहन देने के लिए सब्सिडी की व्यवस्था की गई है।
इसके तहत जमीन खरीदने पर स्टांप शुल्क एवं विकास शुल्क से छूट का प्रावधान है। इसके अलावा हैरिटेज प्रॉपर्टी, जिसमें वर्ष 1950 से पहले बनी हवेली, गढ़, एवं बिल्डिंग के होटल या रिजार्ट में परिवर्तन करने का भी प्रावधान है। इसके अलावा निजी आवासीय इकाईयों को बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के तहत पंजीकृत कर पयर्टन प्रोत्साहन की गतिविधि को किए जाने का भी प्रावधान है। बैठक में वर्तमान में कुल 7 प्रस्तावों की समीक्षा में पाया गया कि 2 होटल व रिसार्ट की स्थापना संबंधी पंजीकरण के प्रस्तावों की सहमति प्रदान कर दी गई है।
इसके अलावा डीएम ने 4 प्रस्तावों पर 15 दिन के अंदर सभी औपचारिकताएं पूरी कर महानिदेशक पर्यटन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ब्रजपाल सिंह, बीडीए के अधिशाषी अभियंता डीसी तोमर, और प्रस्तावों के आवेदक या प्रतिनिधि अमरजीत सिंह, अमरदीप सिंह, दिनेश अरोरा, दलवीर सिंह खुराना और देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।
