Rampur News : धनौरी की प्रधान बनीं शोभा मौर्य, पूनम को 374 मतों से हराया...समर्थकों में खुशी की लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वार में नवनिर्वाचित प्रधान शोभा मौर्य को प्रमाण पत्र देते रिटर्निंग आफिसर वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा

स्वार, अमृत विचार। धनौरी के प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में शोभा मौर्य ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व प्रधान पूनम मौर्य को 374 मतों से हराकर प्रधान पद के लिए जीत दर्ज कर ली। जीत का समाचार सुनकर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। रिटर्निंग आफिसर ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया। पुलिस सुरक्षा में विजयी प्रधान को उनके आवास पर पहुंचाया। ग्रामीणों ने मालाएं पहनाकर प्रधान का स्वागत किया।

तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत धनौरी के प्रधान पद के चुनाव में पूनम मौर्य प्रधान बनी थीं। उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी शोभा मौर्य ने प्रशासन से शिकायत करते हुए शिक्षामित्र रहते हुए चुनाव जीतने का आरोप लगाया था। जांच के बाद पूनम मौर्य का चुनाव शून्य घोषित कर उप चुनाव कराने की घोषणा की थी। 6 अगस्त को गांव में मतदान हुआ था। 8 अगस्त को ब्लॉक सभागार में मतगणना होनी थी। मगर मतगणना शुरू होने से पूर्व पूनम मौर्य ने हाईकोर्ट का निर्णय प्रशासन को दिखाया। जिस पर प्रशासन ने हाईकोर्ट की अग्रिम कार्रवाई तक मतगणना पर रोक लगा दी थी।

गुरुवार को जिलाधिकारी/निर्वाचन अधिकारी जोगिन्दर सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग लखनऊ द्वारा मतगणना कराने के निर्देश दिये थे। शुक्रवार को खंड विकास सभागार में कड़ी सुरक्षा में उपजिलाधिकारी अमन देओल, क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार पांडे, कोतवाल संदीप त्यागी की निगरानी में मतगणना शुरू हुई। इसमें शोभा मौर्य को 1242 एवं पूर्व प्रधान पूनम मौर्य को 868 मत मिले। इस प्रकार शोभा मौर्य ने 374 मतों से चुनाव जीत लिया। रिटर्निंग आफिसर वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने नव निर्वाचित महिला प्रधान शोभा मौर्य को जीत का प्रमाण पत्र दिया। बाद में पुलिस सुरक्षा में उन्हें उनके आवास पर ले जाया गया। नव निर्वाचित प्रधान के घर पहुंचने पर ग्रामीणों ने  मालाएं पहना कर उनका स्वागत किया।

सुबह से ही पहुंचने लगे थे लोग 
धनौरी गांव में हुए उपचुनाव की मतगणना पर हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी गई थी। गुरुवार को मतगणना होने के आदेश जारी हो गए थे। इसी के चलते शुक्रवार सुबह से ही दोनों पक्षों के प्रत्याशियों का जुटना शुरू हो गया था। ग्रामीण पल-पल की जानकारी लेते रहे। परिणाम घोषित होने के बाद एक पक्ष  में खुशी छा गई तो दूसरा पक्ष शांति के साथ वहां से चला गया।

ये भी पढे़ं : रामपुर : किशोरी से 5 दिन तक सामूहिक दुष्कर्म करते रहे चार युवक, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार