विराट कोहली बोले- स्थिति स्पष्ट है, आखिरी मैच जीतो और टॉप टू में जगह बनाओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शारजाह। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में पांच विकेट की हार के लिये बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनकी टीम ने बल्लेबाजी में साहसिक प्रदर्शन नहीं किया। कोहली ने कहा कि अब उन्हें अपना अंतिम मुकाबला हर हाल …

शारजाह। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में पांच विकेट की हार के लिये बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनकी टीम ने बल्लेबाजी में साहसिक प्रदर्शन नहीं किया।

कोहली ने कहा कि अब उन्हें अपना अंतिम मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति स्पष्ट है। अंतिम मैच जीतो और शीर्ष दो में जगह बनाओ। यह शानदार मैच होगा क्योंकि दोनों टीमों (दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला) के 14 अंक हैं। ’’ दूसरी तरफ सनराइजर्स के कप्तान डेविड वार्नर ने जीत का श्रेय गेंदबाजों को दिया।

सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को सात विकेट पर 120 रन पर रोकने के बाद साहा (39) और मनीष पांडे (26) के बीच दूसरे विकेट की 50 रन की साझेदारी की बदौलत 14.1 ओवर में पांच विकेट पर 121 रन बनाकर जीत दर्ज की। जेसन होल्डर ने भी अंत में 10 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके की मदद से नाबाद 26 रन की पारी खेलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

बेंगलोर की ओर से सलामी बल्लेबाज जोश फिलिप (32) के अलावा कोई बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े को पार नहीं कर पाया। कोहली ने बाद में कहा, ‘‘ये रन पर्याप्त नहीं थे। हमने सोचा था कि 140 का स्कोर अच्छा रहेगा लेकिन हालात में काफी बदलाव आया जिसकी हमने उम्मीद नहीं की थी। यह अजीब है। हमने सोचा था कि मौसम अच्छा रहेगा और अधिक ओस नहीं होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पूरी पारी के दौरान हमने बल्ले से साहसिक प्रदर्शन नहीं किया। विरोधी गेंदबाजों ने सही लाइन और लेंथ से गेंदबाजी की और पिच का अच्छा इस्तेमाल किया।’’

 

संबंधित समाचार