बाराबंकी: उड़ा गुलाल, लगे जयकारे, ठाठ- बाट से विराजे गौरी नंदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। प्रणम्य शिरसा देवं गौरीपुत्रं विनायकम्,भक्तावासं स्मरेन्नित्यमायु:कामार्थसिद्धये...गूंजती गणेश वंदना के बीच शुक्रवार से गणपति का आगमन हो गया। गणेश चतुर्थी पर घर, पंडालों और देवालयों में गणपति की प्रतिमा की स्थापना अबीर व गुलाल उड़ाकर गाजे-बाजे संग की गई। कई पंडालों और घरों में बप्पा विराजमान हो गए हैं। दोपहर बाद से ही शहर से लेकर गांव तक बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। वहीं भजन संध्या में झांकियों ने सभी का मन मोह लिया और लोग रातभर भजनों पर झूमते रहे।

गौरी नंदन

सरावगी स्थित छोटी धनुष यज्ञ मैदान में मंगलवार को पूजा पंडाल में गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रों के बीच गौरीनंदन ठाठ -बाठ से विराजे। गणपति के विराजते ही उत्सव का उल्लास छा गया। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जयकारे लगाए। खोयामंडी में गणपति की स्थापना हुई। टिकैतनगर,दरियाबाद, मसौली, हैदरगढ़ समेत कई अन्य क्षेत्रों में लोगों ने घर में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की। मुख्य चौराहे पर सजे पंडाल में विराजे गणपति की शोभा देखते बन रही थी। हवन-पूजन व वैदिक मंत्रों के जाप से पूरे दिन पंडाल गूंजता रहा।

शहर के नगर पालिका परिसर में आचार्यों ने विधिविधान से प्रतिमा की स्थापना कराई। नगर पालिका अध्यक्ष शीला सिंह समेत समिति के सदस्यों ने यजमान के रुप में बैठ कर पूजा पाठ कराया। वहीं रात्रि में जेएमडी म्यूजिकल ग्रुप द्वारा विशाल जागरण का आयोजन किया गया है। जिसमें मुख्य गायक पकंज निगम, सोनी शर्मा व राजन रस्तोगी द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। सिद्धौर व कोठी में भी गणपति प्रतिमा की स्थापना की गई। देवा के दुर्गा धाम मंदिर परिसर में आयोजित गणेश महोत्सव में विधिविधान से गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके अलावा शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक गणेशोत्सव की धूम चारों ओर देखने को मिल रही है। जिले भर में 70 आयोजन पंडाल बनाए गए और प्रतिमाएं स्थापित की गई है। 

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित की गई गणेश मूर्तियां

फतेहपुर में माता मालीबाग पटेल नगर में शनिवार शाम गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। इसके अलावा जशोदा मंदिर व हनुमान मंदिर ब्राम्हणी टोला, लोहार टोला पचघरा, संतोषी माता मंदिर समेत सात स्थानों पर विधि विधान से मूर्ति की स्थापना की गई। टिकैतनगर में मेन चौराहे और कस्बा इचौली में भूहिहारे बाबा मंदिर पर प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। दरियाबाद में नगर पंचायत में गणेश प्रतिमा स्थापित कर भक्तों ने पूजन अर्चन किया। गणेश प्रतिमाओं को कई तरह के फूलों से सजाया गया। शाम को आरती में शामिल होने व दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ रही।

यह भी पढ़ें: Building Collapes in Lucknow: लखनऊ में 3 मंजिला इमारत गिरी, 4 की मौंत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

संबंधित समाचार