लखीमपुर खीरी : मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से लूटे कुंडल, बाइक सवारों ने घटना को दिया अंजाम
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही चोरी, लूट और छिनैती की करीब 24 से अधिक वारदातों का पुलिस पिछले दिनों खुलासा कर चुकी है, लेकिन फिर भी वारदातें जारी हैं। शहर में सोमवार सुबह टहलने निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार कुंडल लूटकर भाग निकले। खुलासों के बाद भी घटनाओं पर अंकुश न लग पाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है।
देवकली रोड मोहल्ला गांधीनगर निवासी 70 वर्षीय मंजू अवस्थी सुबह टहलने के लिए घर से रोज की तरह सोमवार को भी निकली थीं। मंजू अवस्थी ने बताया कि वह टहलने के दौरान ब्रह्मबाबा स्थान पर जाकर प्रतिदिन हाथ जोड़ती हैं। सुबह 05:15 बजे ब्रह्मबादा स्थान के पास पहुंची थी कि इसी बीच हिमांशु मेडिकल स्टोर्स के पास पहले से दो बदमाश नीली बाइक लेकर खड़े थे। नजदीक पहुंचते ही दोनों युवकों ने उन पर हमला बोल दिया और दायें कान का कुंडल नोचकर बाइक समेत भाजपा कार्यालय की तरफ भाग निकले।
घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर आ गए। लेकिन, बदमाश तब तक आंखों से ओझल हो चुके थे। सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन अभी तक रिपार्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ये भी पढे़ं : लखीमपुर खीरी: गायब छात्र की बरामदगी के लिए एसपी कार्यालय का कर्मचारी बनकर युवक मांग रहा रुपया
